मगध को लुभाने के लिये भाजपा को हुआ डा. प्रेम कुमार से प्रेम
पटना (मुकुन्द सिहं)। भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा है कि भाजपा जीतने पर अति पिछड़ा वर्ग से आने वाले डा. प्रेम कुमार को मुख्यमंत्री बनायेगी। डा. प्रेम के प्रति इतना प्रेम क्यों? ये लालू की सच होती भविष्यवाणी है, या फिर वाकई में भाजपा को अति पिछड़ों से प्रेम है।
पढ़ें- क्या है नीतीश के लिये ज्योतिष की भविष्यवाणी
बिहार की इस रेल लाइन को लालू भी नहीं करा सके चालू
बिहार विधानसभा चुनाव की राजनीति खासकर भाजपा द्वारा अपनायी जा रही रणनीतियों को देख कर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद द्वारा पूर्व में कही गयी बातें सच साबित हो रही हैं। लालू प्रसाद ने पहले ही कहा था कि भाजपा सीएम पद का उम्मीदवार जानबुझकर नहीं उजागर कर रही है। वह हर जाति और वर्ग के हिसाब से लोगों को मुख्यमंत्री पद के दावेदार का नाम बताकर दिग्भ्रमित करेगी। शहनवाज हुसैन के बयान के बाद यह बात सच होती दिख रही है।
भाजपा की हैसियत का सवाल
वहीं जदयू के प्रदेश प्रवक्ता डा. निहोरा प्रसाद यादव ने इस संबंध में भाजपा पर लोगों को छलने का आरोप लगाया है। बातचीत में उन्होंने कहा कि श्री हुसैन की भाजपा में इतनी हैसियत नहीं है कि वे मुख्यमंत्री के पद के लिए किसी का नाम सार्वजनिक करें। उन्होंने कहा कि यह सब भाजपा द्वारा अपनायी जा रही साजिश है। इसकी वजह यह है कि विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मगध क्षेत्र में मतदान आगामी 16 अक्टूबर को होना है। मगध के लोगों को छलने के लिए ही शहनवाज हुसैन ने डा. प्रेम कुमार का नाम उछाला है।
इस संबंध में पूछे जाने पर डा. प्रेम कुमार ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेवारी देगी, उसका निर्वहन करेंगे।
कौन हैं डा. प्रेम कुमार?
आपको बताते चलें कि डा. कुमार गया से छह बार विधायक रह चुके हैं। उनके के समर्थक कुमार को सीएम बनाने के लिए सोशल मीडिया पर कैंपेन चला रहे हैं। डा. कुमार को पिछड़े वर्ग का नेता माना जाता है।
बीजेपी में सुशील कुमार मोदी को बिहार में सीएम कैंडिडेट के तौर पर प्रोजेक्ट करने की कोशिश कई बार हो चुकी है। बहरहाल शहनवाज हुसैन के इस खुलासे के बाद राजनीतिक गलियारे में चर्चा शुरू हो गयी है कि श्री हुसैन द्वारा प्रेम कुमार का नाम घोषित करना पार्टी की स्ट्रैटजी भी हो सकती है।
इस बहाने वह राज्य के अति पिछड़ा वर्ग के मतदाताओं पर निशाना साधने का प्रयास कर रही है। यह भी महत्वपूर्ण है कि भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में सुशील कुमार मोदी सबसे आगे चल रहे थे। वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह और स्वयं शाहनवाज हुसैन का नाम भी चर्चाओं में रहा है।













Click it and Unblock the Notifications