अमित शाह की वर्चुअल रैली के विरोध पर गिरिराज सिंह का RJD पर हमला, कहा- ये वही लोग हैं जो...
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले रविवार को भाजपा की पहली वर्चुअल रैली आयोजित होने जा रही है। रैली शुरू होने से पहले ही बिहार में सियासी घमासान तेज हो गया है। आरजेडी ने थाली बजा कर अमित शाह की वर्चुअल रैली और प्रवासी मजदूरों की स्थिति को लेकर विरोध जताया। पटना में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और तेज प्रताप यादव ने अपने आवास के बाहर थाली बजा कर विरोध दर्ज किया। आरजेडी के इस विरोध के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। गिरिराज सिंह ने कहा कि कुछ राजनैतिक दल केवल पीएम मोदी और बीजेपी का विरोध विरोध विरोध ही करते हैं। ये वही लोग हैं जिन्होंने कोरोना वॉरियर्स के सम्मान में जब थालियां बजाने के लिए कहा था। तो उसका विरोध किया था और आज गरीबों के अधिकार के लिए खुद थालियां बजा रहे हैं।

अमित शाह करेंगे वर्चुअल रैली
बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज शाम चार बजे अपनी पार्टी के लिए बिहार में पहली वर्चुअल रैली 'बिहार जनसंवाद' को संबोधित करेंगे। जानकारी के मुताबिक, अमित शाह की आज होने वाली पहली रैली पूरी तरह से ऑनलाइन होगी। केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ-साथ कार्यकर्ता भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इसमें शामिल होंगे। इस बात की जानकारी अमित शाह के कार्यालय से ट्वीट करके दी गई है। अमित शाह की वर्चुअल रैली के खिलाफ आरजेडी ने थाली पीटकर उसका विरोध किया। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, राजद नेता तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव ने राजद कार्यकर्ताओं केो साथ मिलकर थाली बजाई और बीजेपी की इस रैली का विरोध किया।
तेजस्वी यादव ने कहा- बीजेपी ढोंग कर रही है
Recommended Video
पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने पटना स्थित अपने आवास 10 सर्कुलर रोड पर थाली पीटकर इसकी शुरूआत की, जिजसके बाद कार्यकर्ताओं ने थाली बजाकर उनका साथ दिया। इस दौरान उनके दोनों बेटे तेजस्वी और तेज प्रताप उनके साथ मौजूद थे। तेजस्वी यादव ने पदाधिकारियों के साथ बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के किसान और मजदूर भूखे मर रहे हैं। गरीबों की थाली खाली है, लेकिन उनकी चिंता छोड़ बीजेपी सत्ता पाने के लिए राजनीति में जुटी है। तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी ढोंग कर रही है। उन्होंने कहा कि 7 जून को हम थाली-कटोरा बजाकर सरकार को जगाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications