बिहार: पटना के सबसे बड़े अस्पताल में कोरोना विस्फोट, NMCH में मिले एक साथ 84 डॉक्टर संक्रमित
पटना, 03 जनवरी: दिल्ली, महाराष्ट्र के बाद बिहार में भी कोरोना वायरस अपनी रफ्तार पकड़ने लगा है। अब तक बिहार में कोरोना प्रकोप इतना नहीं देखा जा रहा था, लेकिन अब अचानक बिहार में कोरोना संक्रमण ने अपना भयानक रूप ले लिया है। हाल ही में पूरे देश में ओमिक्रॉन वायरस की दस्तक के बाद से एक बार फिर कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा बढ़ रहा है। इस बीच रविवार को बिहार की राजधानी पटना के सबसे बड़े सरकारी हॉस्पिटल नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में एक साथ 84 डॉक्टर कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं।
Recommended Video

पटना के एनएमसीएच में रविवार को 194 सीनियर और जूनियर डॉक्टरों का टेस्ट किया गया था, उनमें से 84 डॉक्टरों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है, जिसके बाद साफ होता है कि पटना का प्रमुख अस्पताल अब कोरोना की चपेट में आ गया है।
बिहार में रविवार को दर्ज हुए कोरोना के ताजा मामलों की बात करें तो NMCH सहित पूरे प्रदश के 352 नए मामले दर्ज किए गए है। लेटेस्ट आंकड़ों के मुताबिक अचानक उछाल के कारण राज्य के कुल सक्रिय मामले 1,074 हो गए हैं। बिहार में शनिवार (1 जनवरी) और शुक्रवार (31 दिसंबर) को क्रमश: 281 और 158 नए मामले दर्ज किए गए थे।
राज्य के स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार पटना में सबसे अधिक 142 मामले सामने आए हैं, इसके बाद गया में 110 हैं। इससे पहले गुरुवार (30 दिसंबर) को पटना के किदवईपुरी में एक 26 वर्षीय युवक में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई थी, जो कि राज्य का पहला ओमिक्रॉन का मामला दर्ज किया गया।












Click it and Unblock the Notifications