VIDEO: 75 साल बाद भाई को सामने देख छलके बहन के आंसू, भारत-पाकिस्तान बंटवारे के वक्त थे बिछड़े
करतारपुर कॉरिडोर में दो भाई-बहन 75 साल बाद फिर से मिले। भारत-पाकिस्तान बंटवारे के दौरान दोनों बिछड़ गए थे। लेकिन, प्रयासों के जरिए दोनों की मुलाकात हुई।

भारत-पाकिस्तान बंटवारे के दौरान बिछड़े दो भाई-बहन 75 साल बाद करतारपुर कॉरिडोर में फिर से मिले। उस वक्त दोनों ही व्हीलचेयर पर बैठे थे। बहन ने अपने भाई की हथेली चूम ली और उसे गले लगा लिया। मौके पर दोनों के परिवार भी मौजूद रहे। आस-पास मौजूद लोग भावुक हो उठे। वहीं, करतारपुर प्रशासन ने दोनों भाई बहन को माला पहनाकर स्वागत किया। मामला 20 मई का है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो चुका है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत के पंजाब राज्य निवासी सरदार भजन सिंह का परिवार बंटवारे के समय टूट गया था। भजन सिंह का पूरा परिवार भारत में था, जबकि उनके परिवार का सदस्य शेख अब्दुल अजीज पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में फंस गया था। 75 साल तक शेख अब्दुल अपनी बहन महेंद्र कौर से दूर रहे। हाल ही में एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिसके बाद दोनों भाई बहनों को मिलाने के लिए सामाजिक संस्थाएं जुट गई।
भाई को देख छलक पड़े आंसू
करतारपुर कॉरिडोर में दोनों भाई-बहनों की मुलाकात हुई। दोनों ही व्हीलचेयर पर बैठे हुए थे। एक-दूसरे को सामने देखकर आंखें छलक उठी। 81 साल की बहन महेंद्र कौर ने 78 साल के अपने भाई शेख अब्दुल अजीज को गले से लगा लिया। दोनों 1947 में हुए विभाजन के दौरान जुदा हो गए थे। साथ ही दोनों के परिवार ने एक साथ गुरुद्वारे में भोजन भी किया।












Click it and Unblock the Notifications