पाकिस्तान: पुलिस ट्रेनिंग सेंटर पर आतंकी हमला, 57 की मौत 99 घायल
पाकिस्तान के क्वेटा में पुलिस ट्रेनिंग सेंटर पर हमला हुआ है।
पाकिस्तान। पाकिस्तान के क्वेटा में एक पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के हॉस्टल पर हुए आंतकी हमले में 5 घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद तीन आतंकियों को मार गिराया गया है। वहीं हॉस्टल से लगातार शव मिलने का सिलसिला जारी है। मरने वालों की संख्या 57 तक पहुंच गई है। जिसमें ज्यादातर पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के कैडर हैं।

पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक ब्लूचिस्तान प्रांत के शहर क्वेटा में पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में 5-6 आतंकी सोमवार रात 11:30 बजे घुस गए। एके-47 और हैंड ग्रेनेड से लैस इन आतंकियों ने वहां मौजूद कम से कम 600 पुलिस प्रशिक्षुओं को बंधक बना लिया।
इसके बाद आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। क्वेटा के सारेब रोड़ स्थित इस ट्रेनिंग सेंटर में आंतकियों के होने का पता चलने पर पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला। स्पेशल कमांडो की मदद से सुरक्षाकर्मियों ने एक आतंकी को मार गिराया जबकि दो ने खुद को बम से उड़ा लिया।
आतंकियों द्वारा बंंधक बनाए गए कैडेट तो छूट गए हैं लेकिन दो आतंकियों के खुद को बम से उड़ाने और उससे पहले अंधाधुध गोलियां बरसाने से उन्होंने बहुत सी जानें ले ली। मरने वालों की और बढ़ सकती है।
आतंकियों की गोलीबारी में जो 57 लोग मरे हैं उनमें दो सुरक्षाकर्मी और बाकी कैडर हैं जो हॉस्टल मे रहते थे। अभी भी काफी जख्मियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीन आंतकवादियों के मारे जाने के बाद सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन खत्म होने की बात कही है।
हालांकि आतंकियों की संख्या 5 से 6 होने के शक के चलते पुलिस ने तलाशी अभियान अभी जारी रखा है। क्वेटा के सभी अस्पतालों में इमरजेंसी लागू की गई है।
शहर से 10-12 किमी दूर इस ट्रेनिंग सेंटर के हॉस्टल में में करीब 700 प्रशिक्षु रहते हैं लेकिन हाल ही में एक बैच के पास होकर चले जाने की वजह से हॉस्टल में हमले के वक्त 600 कैडेट मौजूद थे। इतनी बड़ी संख्या में मौतों से क्वेटा में गम का माहौल है।












Click it and Unblock the Notifications