भारतीय वायु क्षेत्र में 10 मिनट तक भटकता रहा पाकिस्तानी विमान! जानें क्या बताई वजह
पाकिस्तान का एक यात्री विमान भारतीय वायु क्षेत्र में घुस आया था और कुल 120 किलोमीटर तक मंडराता रहा। इसकी वजह खराब मौसम बताई जा रही है। वह 10 मिनट तक भारतीय वायु क्षेत्र में रहा।

पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) का एक विमान करीब 10 मिनट तक भारतीय वायु क्षेत्र में मंडराता रहा। रविवार को आई मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इसकी वजह ये बताई जा रही है कि भारी बारिश की वजह से वह विमान लाहौर एयरपोर्ट पर उतरने में नाकाम हो गया था।
बारिश के चलते लाहौर एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सका-रिपोर्ट
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने जो रिपोर्ट दी है, उसके मुताबिक पीआईए की फ्लाइट संख्या पीके248, 4 मई को रात 8 बजे मस्कट से लौट रहा था। लेकिन, यह विमान लाहौर के अल्लामा इकबाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हो रही भारी बारिश के चलते वहां लैंड नहीं कर पाया।
खराब मौसम में रास्ता भटक गया था विमान-रिपोर्ट
रिपोर्ट के अनुसार पायलट ने बोइंग 777 को लाहौर हवाई अड्डा पर उतारने की जब कोशिश की तो वह अस्थिर हो गया, जिससे वह विमान को लैंड कराने में असल रहा। अखबार के हवाले से जानकारी दी गई है कि एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के निर्देश के आधार पर पायलट ने आसपास ही विमान को उड़ाना शुरू किया, लेकिन भारी बारिश और कम ऊंचाई की वजह से वह रास्ता भटक गया।
पहली बार में सात मिनट का चक्कर काटकर लौट गया था
वह विमान जब 13,500 फीट की ऊंचाई पर था और 292 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भर रहा था, तब बधाना थाना इलाके से भारतीय वायु क्षेत्र में घुस गया। भारत में पंजाब के तरण साहिब और रसूलपुर शहर का चक्कर लगाने के बाद वह विमान वापस नौशहरा पन्नुआं से वापस लौट गया।
दो बार भारतीय वायु क्षेत्र में घुसा पाकिस्तानी विमान
भारतीय वायु क्षेत्र में उड़ान भरते हुए पायलट विमान को 20,000 की ऊंचाई पर ले गया और इस तरह से पहली बार करीब सात मिनट तक भारतीय क्षेत्र उड़ान भरता रहा। यह विमान बाद में भारत में पंजाब के झागियां नूर मुहम्मद गांव के नजदीक से वापस पाकिस्तानी वायु क्षेत्र में लौट गया।
दूसरी बार 3 मिनट तक भारतीय वायु क्षेत्र में रहा
यह विमान फिर से पाकिस्तानी पंजाब के कसूर जिले में डोना मब्बोकी, चांट, धूपसारी कसूर और घाटी कलंजर गांवों के ऊपर से गुजरते हुए वापस भारतीय क्षेत्र में घुस गया। फिर से तीन मिनट भारतीय एयर स्पेस में गुजरने के बाद वह भारत में पंजाब के लाखा सिंहवाला हिथर गांव के ऊपर से पाकिस्तानी इलाके में वापस चला गया।
भारतीय क्षेत्र में कुल 120 किलोमीटर तक चक्कर काटा
उस समय विमान 23,000 फीट की ऊंचाई पर था और उसकी रफ्तार 320 किलोमीटर प्रति घंटे थी। पाकिस्तान में घुसने के बाद वह विमान मुल्तान चला गया। इस तरह से रिपोर्ट के मुताबिक यह विमान करीब 10 मिनट तक भारतीय वायु क्षेत्र में कुल 120 किलोमीटर तक घूमता रहा।












Click it and Unblock the Notifications