सलमान रुश्दी पर इमरान खान के बयान से पाकिस्तानी हुए हैरान, पूर्व पीएम को बताया सबसे बड़ा पाखंडी
इस्लामाबाद, 19 अगस्तः पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने सलमान रुश्दी पर हुए हमले की निंदा करते हुए इसे भयानक और दुखद बताया। इमरान ने कहा कि सलमान रुश्दी की किताब 'द सैटेनिक वर्सेज' पर इस्लामिक जगत का गुस्सा समझ में आता है, लेकिन इस हमले को सही नहीं ठहराया जा सकता।

सलमान रुश्दी पर हमला खौफनाक और दुखदायी
ब्रिटेन के प्रमुख अखबार 'द गार्डियन' को दिए इंटरव्यू में इमरान खान ने सलमान रुश्दी पर हुए हमले को लेकर बात करते हुए नजर आए। पाकिस्तान के मुख्य विपक्षी दल पीटीआई के अध्यक्ष इमरान खान ने कहा कि सलमान रुश्दी पर होने वाला हमला खौफनाक और दुखदायी है। इमरान खान ने कहा कि भले ही सलमान रुश्दी की किताब द सैटेनिक वर्सेज को लेकर आक्रोश है मगर इस तरह के हमले को किसी भी प्रकार से सही नहीं ठहराया जा सकता।

सलमान के प्रति गुस्सा ठीक, मगर हमला सही नहीं
सलमान रुश्दी को लेकर इमरान खान ने कहा कि रुश्दी चीजों को समझते हैं क्योंकि वे एक मुस्लिम परिवार से संबंध रखते हैं। सलमान रुश्दी को पता है कि किसी भी मुसलमान के दिल में पैगंबर मोहम्मद के लिए कितना सम्मान और कितनी मोहब्बत है। इमरान खान ने आगे कहा कि वे समझ सकते हैं कि रुश्दी को लेकर लोगों के मन में गुस्सा भरा हुआ है लेकिन जो हुआ उसे किसी प्रकार से सही नहीं ठहराया जा सकता है।
इमरान खान का दस साल पुराना वीडियो वायरल
सलमान रुश्दी पर हुए हमले को गैर नाजायज ठहराने के बाद सोशल मीडिया पर इमरान खान का दस साल पुराना वीडियो वायरल होने लगा है। इस वीडियो में इमरान खान सलमान रुश्दी की आलोचना करते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में इमरान खान कहते हुए नजर आ रहे हैं कि वे भारत में आयोजित हुई एक कॉन्फ्रेंस में सिर्फ इसलिए शामिल नहीं हुए क्योंकि उसमें सलमान रुश्दी भी शामिल हो रहे थे।

रुश्दी के कारण कॉन्फ्रेंस में जाने से किया था इंकार
हामिद मीर को दिए गए साक्षात्कार के इस वीडियो में इमरान खान कहते हुए नजर आ रहे हैं कि सलमान रुश्दी ने फ्रीडम ऑफ एक्सप्रेशन के नाम पर मुसलमान और दुनिया को दुख पहुंचाया है, इसलिए मैं ऐसी किसी भी कॉन्फ्रेंस का हिस्सा नहीं बनूंगा जिसमें सलमान रुश्दी शामिल हों। इमरान खान ने कहा कि सलमान ने उन चीजों का मजाक उड़ाया है जिसके लिए मुसलमान अपनी जान तक कुर्बान करने को तैयार रहते हैं।

इमरान खान को बताया सबसे बड़ा पाखंडी
इमरान के इस वीडियो के वायरल होते ही लोग पूर्व प्रधानमंत्री पर टूट पड़े हैं और उन्हें दुनिया का सबसे बड़ा पाखंडी इंसान करार देने लगे हैं। एक पाकिस्तानी यूजर सलमान सिद्दीकी लिखते हैं कि इमरान खान हमेशा ऐसा ही करते हैं। देश में वे कुछ और बात करते हैं और विदेशी मीडिया के सामने कुछ और बन जाते हैं। गौरतलब है कि हाल ही में पश्चिमी न्यूयार्क में 'निर्वासन में लेखकों और अन्य कलाकारों की शरण स्थली के रूप में संयुक्त राज्य अमेरिका' विषय पर रुश्दी चर्चा के लिए आए थे। वह स्टेज पर लोगों से मुलाकात कर रहे थे, तभी मतर ने रुश्दी पर चाकू से कई वार किए। हमले में रुश्दी बुरी तरह घायल हो गए।












Click it and Unblock the Notifications