VIDEO: शेर के बच्चे के साथ पाकिस्तान में दूल्हा-दुल्हन ने करवाया फोटोशूट, बाद में हुआ विवाद
लाहौर: अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए आजकल फोटोशूट का जबरदस्त ट्रेंड चल रहा है। लोग इसके लिए क्या-क्या नहीं करते। फोटोग्राफर भी अपने यूनिक आइडिया और नए कॉन्सेप्ट से तरह-तरह की फोटो लेते हैं, लेकिन पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में एक फोटोशूट पर अब बवाल हो गया। इसके अलावा कई लोग तो शादी के आयोजनकर्ता और फोटोग्राफर पर कार्रवाई करने की मांग पर अड़े हुए हैं। इसके लिए सोशल मीडिया पर बकायदा एक मुहिम भी छेड़ी गई है।

शावक के सामने खिंचवाई फोटो
दरअसल पाकिस्तान में एक शादी समारोह में जब फोटोशूट की बारी आई, तो दूल्हा-दुल्हन ने शेर के शावक को बुला लिया। इसके बाद उसको सामने रखकर अलग-अलग एंगल से फोटो खिंचवाए। सोशल मीडिया पर आते ही ये फोटो तेजी से वायरल हुई। इस बीच कई लोगों ने इस क्रिएटिविटी की तारीफ की तो कई पशु प्रेमी इसके विरोध में उतर आए। उनका आरोप है कि शावक को ड्रग्स दिया गया है, जिस वजह से वो एकदम सुस्त पड़ा था।
संस्था ने उठाए ये सवाल
वहीं ट्विटर पर जानवरों के कल्याण के लिए काम करने वाली एक संस्था Save the Wild ने इस शूट का वीडियो शेयर किया है, जो 8 सेकंड का है। इस वीडियो में दूल्हा-दुल्हन एक दूसरे का हाथ पकड़े रहते हैं, जबकि बीच में शावक लेटा रहता है। वहीं दूसरे एंगल में दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर बैठ रहते हैं और शावक उनके आगे चुपपाच लेटा रहा। इस वीडियो को #SherdiRani के साथ शेयर किया जा रहा है। संस्था ने पोस्ट में पंजाब वाइल्ड लाइफ को टैग करते हुए लिखा कि क्या ऐसे समारोह में शेर के शावकों को लाने की इजाजत है। इस बेचारे शावक को बिना किसी मकसद के इस्तेमाल किया जा रहा। ये स्टूडियो लाहौर में है, कृपया उस शावक को वहां से रेस्क्यू करें।
स्टूडियो ने भी दी सफाई
ये वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। एक यूजर ने इस पर कमेंट करते हुए लिखा कि मुझे उम्मीद है कि जिम्मेदार अधिकारी जल्द नींद से जागेंगे। साथ ही उम्मीद है कि शावक को रेस्क्यू कर उसे उपयुक्त वातावरण में रखा जाएगा। Save the Wild के अलावा JKF एनिमल रेस्क्यू और शेल्टर ने भी इंस्टाग्राम पर इस घटना से संबंधित पोस्ट किया है। जिस पर बड़ी संख्या में वन्यजीव प्रेमियों ने चिंता व्यक्त की। हालांकि बाद में स्टूडियो ने सफाई दी कि शावक के मालिक के पास उसका लाइसेंस है और उसे ड्रग्स नहीं दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications