परमाणु हथियार पर अमेरिकी रिपोर्ट को पाक ने किया किनारे
इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने अमेरिका की उस रिपोर्ट पर बयान दिया है जिसमें कहा गया था कि पाक काफी तेजी से अपने परमाणु हथियारों में इजाफा कर रहा है। पाक विदेश मंत्रालय की ओर से एक बयान जारी किया गया है। इस बयान में अमेरिकी रिपोर्ट को किनारे करते हुए कहा गया है कि पाक की परमाणु हथियारों की दौड़ में शामिल होने की कोई इच्छा नहीं है।

शुक्रवार को एक रिपोर्ट आई थी जिसमें अमेरिकी थिंक टैंक के हवाले से लिखा गया था कि पाक भारत का डर दुनिया को दिखाकर अपने परमाणु हथियारों में इजाफा कर रहा है।
वाशिंगटन पोस्ट ने इस हवाले से एक रिपोर्ट छापी थी। इस रिपोर्ट में दो अमेरिकी थिंक टैंक का हवाला दिया गया था और लिखा था कि पाक आने वाले पांच से 10 वर्षों में 350 परमाणु हथियारों के साथ अमेरिका और रूस के बाद तीसरा सबसे ज्यादा परमाणु हथियारों वाला देश बन जाएगा।
पाक ने इस रिपोर्ट से इंकार करते हुए कहा है कि पाक का परमाणु कार्यक्रम दक्षिणी एशिया में शांति और स्थिरता के लिए है और परमाणु हथियारों की रेस में शामिल होने का उसका कोई इरादा नहीं है।
पाक का कहना है कि परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) के सदस्यों के साथ भारत के समझौतों की वजह से क्षेत्र में अस्थिरता पैदा हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications