ओमपुरी की मौत पर पाक पीएम नवाज शरीफ ने जताया दुख
बॉलीवुड अभिनेता ओमपुरी की शुक्रवार सुबह दिल का दौरा पड़ने से मौत की खबर पर भारत में उनके चाहने वालों में शोक की लहर है, तो सरहद पार भी लोग दुखी हैं।
इस्लामाबाद। हिन्दी सिनेमा में अभिनय की दुनिया के बड़े नाम ओमपुरी का आज तड़के दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। 66 साल के ओमपुरी अपनी शानदार संवाद अदायगी और दमदार अभिनय के दम पर पिछले तीन दशकों से सिनेप्रेमियों के दिल पर राज कर रहे थे। एक तरफ उनकी मौत के बाद भारत में उनके चाहने वाले दुखी हैं और सोशल मीडिया पर अपने गम का इजहार कर रहे हैं, उसी तरह से सरहद पार भी उनके चाहने वाले दुखी हैं। इनमें पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ भी शामिल हैं।

पाकिस्तान के प्रंधानमंत्री नवाज शरीफ ने ओम पुरी को शानदार शख्सियत और बेजोड़ अभिनेता बताते हुए कहा कि ओम पुरी की मौत कला की दुनिया में बहुत बड़ा नुकसान है। आपको बता दें कि ओम पुरी हमेशा भारत-पाकिस्तान में अमन और अच्छे रिश्तों के तरफदार रहे। उन्होंने दोनों देशों के कलाकारों के भी एक-दूसरे देश में जाकर काम करने का समर्थन किया। ओम पुरी कई दफा पाकिस्तान गए भी थे और वहां की फिल्मों का भी हिस्सा रहे। ओम पुरी ने हमेशा राजनीति को कला से अलग रखने और कलाकारों को उसका शिकार बनाने की ही बात कही।
नवाज शरीफ के अलावा भी पाकिस्तान के कई जाने-माने लोगों ने ओमपुरी की मौत पर गम का इजहार किया है। पाकिस्तान के जाने-माने पत्रकार हामिद मीर ने ओमपुरी को ट्वीट कर याद किया, उन्होंने लिखा, ''मशहूर बॉलीवुड और हॉलीवुड एक्टर ओम पुरी पाकिस्तान और भारत के बीच शांति स्थापित करने की कोशिशों की वजह से याद किए जाएंगे.'' पाक के रफी रहमान ने ट्विटर पर लिखा, ''ओम पुरी भारत और पाकिस्तान के बीच हमेशा शांति चाहते थे. ओम पुरी ने कई फिल्मों में पाकिस्तानी का रोल किया. पाकिस्तान में ओम पुरी के काफी फैन हैं.'' बॉलीवुड के लोग भी सुबह से ही लगातार सोशल मीडिया पर ओम पुरी को याद कर रहे हैं।
पढ़ें- जब शहीद की तस्वीर के सामने फफक-फफक कर रोए थे ओमपुरी, परिजनों से कहा था मुझे सजा दो












Click it and Unblock the Notifications