न्यूयॉर्क टाइम्स में आर्टिकल लिखकर इमरान खान ने दुनिया को दी परमाणु युद्ध की धमकी, कश्मीर पर अलापा नया राग
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक बार फिर दुनिया के सामने कश्मीर का राग अलापा है। इमरान जो कश्मीर मुद्दे पर अलग-थलग पड़ चुके हैं उन्होंने इस बार अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स में आर्टिकल लिखकर दुनिया के सामने अपनी तकलीफ को बयां किया है। इमरान ने अपने लेख में कहा है कि दुनिया कश्मीर मसले को नजरअंदाज नहीं कर सकती है। इमरान की मानें तो अगर ऐसा नहीं हुआ तो फिर सीधा सैन्य तनाव होगा और इस आर्टिकल में एक बार फिर इमरान ने परमाणु युद्ध की धमकी दी है।

कश्मीर के बारे में सोचना होगा
इमरान का न्यूयॉर्क टाइम्स में लिखा यह आर्टिकल शुक्रवार को पब्लिश हुआ है। इमरान ने इसमें लिखा है, 'अगर दुनिया कश्मीर और इसके लोगों पर हो रहे अत्याचार को नहीं रोकती है तो फिर दोनों परमाणु सैन्य ताकत वाले देश सैन्य टकराव के एकदम करीब आ जाएंगे।' इमरान खान ने अपने लेख में आर्टिकल 370 खत्म करने के लिए मोदी सरकार की आलोचना की है। इमरान खान ने लिखा है, 'पांच अगस्त को मोदी सरकार ने बहुत ही हैरान करने वाले फैसले के तहत कश्मीर में भारतीय संविधान के आर्टिकल 370 और 35ए को हटाकर इसकी स्थिति में बदलाव किया। यह कदम भारतीय संविधान के तहत गैर-कानूनी है लेकिन जो बात सबसे अहम है वह है कि इसके जरिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव और शिमला समझौते का हनन है।'

पिछले 25 दिनों से जारी ड्रामा
इमरान ने इसमें यह भी बताया है कि किस तरह से जम्मू कश्मीर में कम्यूनिकेशन और इंटरनेट को बंद कर दिया गया है। इमरान के मुताबिक 'मोदी के नए भारत में कश्मीर मिलिट्री कर्फ्यू लगाकर, आबादी को घरों में कैद करके और उनके फोन, इंटरनेट और टेलीविजन कनेक्शन को काटने का रास्ता चुना गया है।' इमरान ने अपने इस आर्टिकल में यह भी कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच वार्ता में कश्मीरियों को भी शामिल किया जाना चाहिए। पिछले 25 दिनों से पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान अलग-अलग तरह के ड्रामे को अंजाम देने में लगे हुए हैं। भारत ने पांच अगस्त को जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने का फैसला किया था। इसके साथ ही राज्य को मिला विशेष दर्जा भी खत्म हो गया। पाक ने भारत के फैसले को पूरी तरह से गैर-कानूनी बताया है।

ईट का जवाब पत्थर से देने की धमकी
शुक्रवार को पाकिस्तान में 'कश्मीर आवर' का आयोजन हुआ है। इमरान खान की अपील पर पाक की जनता ने आधे घंटे तक मार्च निकाला और भारत के खिलाफ प्रदर्शन किया। इमरान ने इस दौरान अपने ऑफिस पीएमओ के बाहर इकट्ठा भीड़ को संबोधित किया। इमरान ने कहा, 'आज पाकिस्तान में हर शख्स चाहे वह जहां कहीं भी हो, हमारे छात्र, दुकानदार और हमारे मजदूर, भी कश्मीर के लिए खड़े हैं।' इमरान ने इसके साथ ही फिर से भारत को धमकी दी है। इमरान के शब्दों में, 'अगर भारत ने आजाद कश्मीर में कोई भी एक्शन लिया तो फिर हर ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा।'












Click it and Unblock the Notifications