भारतीय एक्शन का असर, पाक में सरकार और आईएसआई में ठनी
नई दिल्ली। अभी कुछ समय पहले भारत-पाकिस्तान के बीच सरहद पर हुई गोलीबारी में पाकिस्तान को भारी नुकसान के बाद नवाज शरीफ सरकार और आईएसआई के बीच ठन गई है। एक आला सूत्र ने यह जानकारी दी। भारत की तरफ से हुई जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के 35 नागरिक मारे गए थे। इनमें 12 रेंजर्स भी शामिल हैं। एक वरिष्ठ सरकारी अफसर ने बताया कि अगर भारतीय सीमा पर सरहद के उस तरफ से गोलीबारी हुई तो भारत करारा जवाब देने से पीछे नहीं हटेगा।

अमन नहीं चाहती आईएसआई
जानकारों का कहना है कि पाकिस्तान सरकार की तो ख्वाहिश है कि अब सरहद पर गोलीबार का दौर खत्म हो, पर आईएसआई चाहती है गोलीबार जारी रहे। आईएसआई गोलीबारी इसलिए भी जारी रखना चाहती है ताकि घुसपैठियों को भारत में भेजा जा सके।
दरअसल पाकिस्तान में तमाम निजी चैनलों और इमरान खान समेत कई विपक्षी नेताओं ने नवाज शरीफ की इस बात के लिए कठोर निंदा की कि भारत के हमले का माकूल जवाब पाकिस्तान नहीं दे पाया। इमरान खान ने तो कई इंटरव्यू में कहा, भारत की फौजों ने पाकिस्तान में लाशों के ढेर लगा दिए।
सनद रहे कि पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम का उल्लंघन किए जाने को लेकर सरकार के विपक्षी पार्टियों के निशाने पर आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘सीमा पर सब कुछ शीघ्र ठीक हो जाएगा।' मोदी की इस टिप्पणी के बाद भारत की तरफ से सरहद के उस पार बहुत तगड़ा हमला बोला गया,जिसके चलते पाकिस्तान के पसीने छूट गए।
रक्षा मामलों के विशेषज्ञ अरुण कुमार मानते हैं कि भारत को लेकर पाकिस्तान में जिस तरह का माहौल आमतौर पर रहता है,उसको देखते हुए कहा जा सकता है कि सरहद पर पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आएगा। वहां पर कुल मिलाकर वही होगा जो सेना और आईएसआई चाहेंगे। सरकार तो वहां पर दिखावा है।












Click it and Unblock the Notifications