पाकिस्तान ने भारत और रॉ पर लगाया आतंकवाद फैलाने का आरोप
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ अगले हफ्ते अपनी अमेरिका यात्रा पर रवाना होने वाले हैं लेकिन इससे पहले ही पाक ने तैयारी शुरू कर दी कि उसे किस तरह से आतंकवाद पर अपना झूठ बताना है। पाक के एनएसए और विदेश मंत्री सरताज अजीज ने कहा है कि पीएम शरीफ जब व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से मिलेंगे तो भारत-पाक के बीच रुकी हुई शांति प्रक्रिया का मुद्दा उठाएंगे।

अजीज के मुताबिक इस मुद्दे पर (पाकिस्तान और भारत के बीच लंबित शांति प्रक्रिया) और कई अन्य मुद्दों पर अमेरिकी राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के बीच चर्चा होगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति ओबामा के निमंत्रण पर अमेरिका के दौरे पर जा रहे शरीफ 22 अक्तूबर को वाशिंगटन में ओबामा के साथ मुलाकात करेंगे।
अजीज ने ‘विध्वंसकारी' गतिविधियों में भारत की संलिप्तता से जुड़े डॉजियर अमेरिका के साथ साझा करने के संकेत भी दिए। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की-मून के साथ साझा किए गए दस्तावेज ‘अन्य मित्र देशों' के साथ भी साझा किए जाएंगे।
अजीज ने भारत की इंटेलीजेंस एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के साथ ही दूसरे सरकारी प्रतिष्ठानों पर पाकिस्तान को अस्थिर करने के लिए आतंकियों का समर्थन करने का आरोप लगाया।
भारत हमेशा से पाकिस्तान के इन आरोपों को खारिज करता आया है। अजीज ने भी नई दिल्ली के इस दावे को खारिज कर दिया कि पाकिस्तान भारत में सरकार से इतर तत्वों को समर्थन दे रहा है।
सीमाई झड़पों के बारे में बात करते हुए अजीज ने कहा कि पाकिस्तान और भारत के बीच बढ़ता तनाव विश्व शांति के लिए खतरा है।












Click it and Unblock the Notifications