पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल बाजवा पहुंचे एलओसी पर और दी भारत को धमकी
रावलपिंडी। पाकिस्तान सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने एलओसी का दौरा किया और इस दौरान उन्होंने भारत को धमकी दी है। जनरल बाजवा ने यह भी कहा कि वह 'अपने कश्मीरी भाईयों के हक को अपना समर्थन देते रहेंगे।' पाकिस्तान मीडिया ने पाकिस्तान सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के हवाले से यह बात कही।

भारत को दी जवाब देने की धमकी
जनरल बाजवा ने शनिवार को एलओसी का दौरा किया और वह पीओके स्थित मुजफ्फराबाद के पास एलओसी के इलाकों में पहुंचे थे। पाकिस्तान के अखबार द डॉन की ओर से इस बाबत जानकारी दी गई है। बताया जा रहा है कि बाजवा ने अपने सेनाओं से कहा है कि भारत की ओर से हर कार्रवाई का पूरा जवाब दिया जाए। बाजवा ने कहा, 'हम इस बात से वाकिफ हैं कि हमारा देश कौन सी चुनौतियों का सामना कर रहा है और हम सभी खतरों को हराने में सक्षम हैं।' माना जा रहा है कि जनरल बाजवा ने यह बात इंडियन आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत के उस बयान पर कही है जिसमें उन्होंने कहा था कि इंडियन आर्मी चीन और पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह के युद्ध का सामना करने को तैयार है। जनरल रावत ने यह भी कहा था कि भारत मल्टी-फ्रंट वॉर के लिए भी तैयार है और किसी भी बुरी स्थिति को खत्म करने के लिए हर तरह के तरीके प्रभावशाली है।
चार दिनों में घुसपैठ की 14 कोशिशें
जनरल रावत ने यह नहीं बताया था कि वह कौन से तरीकों की बात कर रहे हैं लेकिन सेना ने पिछले दिनों राजौरी में एक पाकिस्तानी पोस्ट को नष्ट किया था। इस हमले के साथ ही सेना ने घुसपैठ के लिए आतंकियों की मदद करती पाकिस्तान सेना को करारा जवाब दिया था। जैसे-जैसे घाटी में गर्मी बढ़ रही है, वैसे ही वैसे पाकिस्तान की तरफ से घुसपैठ की घटनाओं में भी तेजी आ रही है। शनिवार को भी जम्मू कश्मीर के गुरेज सेक्टर में सेना ने घुसपैठ की एक और कोशिश को नाकाम किया। सेना ने इस दौरान एक आतंकी को मार गिराया और भारी मात्रा में सेना को हथियार बरामद हुए। इस एनकाउंटर के साथ ही पिछले चार दिनों में सेना ने एलओसी पर घुसपैठ कर रहे 14 आतंकियों को मार गिराया है।












Click it and Unblock the Notifications