आर्टिकल 370: पाकिस्तान बोला भारत के 'गैरकानूनी' कदम का जवाब दिया जाएगा
इस्लामाबाद। भारत सरकार ने जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 को हटा लिया। इसके साथ ही राज्य को मिला विशेष राज्य का दर्जा भी खत्म हो गया है। इस पूरे घटनाक्रम पर पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की भी प्रतिक्रिया आई है। पाकिस्तान के राष्ट्रपति और विदेश विभाग की ओर से इस पर आधिकारिक बयान जारी किया गया है। आपको बता दें कि रविवार को ही पाकिस्तान के पीएम इमरान खान ने ट्वीट कर एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से कश्मीर मसले पर मध्यस्थता की मांग की थी।

कश्मीर के हक की लड़ाई का दावा
पाकिस्तान के विदेश विभाग की ओर से भी इस पर बयान जारी किया गया है। विदेश विभाग की ओर से कहा गया है कि कश्मीर एक अंतरराष्ट्रीय विवाद है और पाकिस्तान इस गैरकानूनी कदम का जवाब देने के लिए हर विकल्प तलाशेगा। विदेश विभाग ने इसके साथ ही कश्मीर और यहां की जनता के हक की आवाज उठाने का अपना वादा दोहराया। पाक राष्ट्रपति डॉक्टर आरिफ अल्वी के ऑफिस की तरफ से ट्विटर पर बयान जारी किया गया है। इस बयान में कहा गया है, 'भारत ने जम्मू कश्मीर की स्थिति बदलने की एक कोशिश की है और यह यूएनएससी के प्रस्तावों और कश्मीर के लोगों की मर्जी के खिलाफ है।' इसके साथ ही पाक राष्ट्रपति ने कहा है कि उनका देश कश्मीर के लोगों की इच्छा के अनुरुप एक शांतिपूर्ण प्रस्ताव का समर्थन करते हैं। साथ ही हर मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़े होने का वादा भी अल्वी ने दोहराया है।
इमरान ने मांगी ट्रंप से मदद
जम्मू कश्मीर के ताजा हालातों के बीच ही पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक बार फिर रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मदद की मांगी। पाकिस्तान के पीएम इमरान ने ट्वीट किया और ट्रंप को उनका वादा याद दिलाया। इमरान खान ने लिखा, 'राष्ट्रपति ट्रंप ने वादा किया था कि वह कश्मीर मसले पर मध्यस्थता करेंगे। अब समय आ गया है जब वहां हालात बिगड़ रहे हैं और एलओसी पर भी भारत की सेनाएं आक्रामक हो रही हैं। इसकी वजह से एक क्षेत्रीय संकट पैदा हो सकता है।' इमरान ने इसके साथ ही कश्मीर मसले की यूएनएससी मसौदे के तहत हल करने की मांग भी कर डाली। आपको बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कुछ दिनों से एलओसी पर तनाव के हालात हैं। ट्रंप ने 22 जुलाई को इमरान के साथ व्हाइट हाउस में मुलाकात की थी और यहां पर उन्होंनक पहली बार कश्मीर मामले में मध्यस्थता का जिक्र किया था।












Click it and Unblock the Notifications