पाकिस्तान में खुदाई के दौरान मिला 1300 साल पुराना भगवान विष्णु का मंदिर, जानिए विशेषज्ञों ने क्या कहा
इस्लामाबाद। नॉर्थ वेस्ट पाकिस्तान में पाकिस्तान और इतालवी पुरातात्विक विशेषज्ञों ने 1300 साल पुराने एक हिंदू मंदिर को खोज निकाला है। यह मंदिर स्वात जिले के एक पहाड़ में है। खुदाई के दौरान इस मंदिर का पता चला। पाकिस्तान के पुरातत्व विभाग के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह मंदिर भगवान विष्णु का है। मंदिर के पास एक पानी का कुंड और मीनारें मिली हैं।

पुरातत्व विभाग के अधिकारी फजले खलीक ने कहा कि मंदिर 1,300 साल पहले हिंदू शाही काल के दौरान बनाया गया था। गौरतलब है कि 850 से 1026 ई के बीच हिंदू शाही एक हिंदू राजवंश था जिसने काबुल घाटी (पूर्वी अफगानिस्तान), गंधार (आधुनिक पाकिस्तान) और वर्तमान उत्तर पश्चिम भारत में शासन किया था। पुरातत्वविदों को खुदाई के दौरान मंदिर स्थल के पास छावनी और पहरे के लिए मीनारें आदि भी मिले हैं।
पानी के कुंड के बारे में पुरात्तवविदों का कहना है कि मंदिर में संभवत: कुंड में नहाकर पूजा करने की प्रथा होगी। खलीक ने कहा कि इलाके में पहली बार हिंदू शाही काल के निशान मिले हैं। इटली के पुरातत्व मिशन के प्रमुख डॉ लुका ने कहा कि स्वात जिले में मिला गंधार सभ्यता का यह पहला मंदिर है। स्वात जिले में बौद्ध धर्म के भी कई पूजा स्थल स्थित हैं।












Click it and Unblock the Notifications