बैटरी चोरी के आरोप में 2 युवकों को निर्वस्त्र कर खंभे से बांधकर पीटा, वीडियो हुआ वायरल
Noida News, नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां दो युवकों को तपती धूप में निर्वस्त्र कर बिजली के खंभे से बांधकर पिटाई करने का कथित वीडियो सोशल मीडियो पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि चोरी के शक के आरोप में दोनों युवकों की पिटाई की गई। वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

जानकारी के अनुसार, मामला नोएडा के थाना सेक्टर 20 क्षेत्र का है। यहां सेक्टर-25 के निठारी तिराहे के पास ऑटो स्टैड है। वहां पर कई दिनों से ऑटो की बैटरियां चोरी हो रही थीं। शुक्रवार को कथित रूप से बैटरी चुराने की कोशिश कर रहे 2 लोगों को ऑटो वालों ने पकड़ लिया और उन्हें खंभे से बांधकर जमकर पीटा। इसके बाद 100 नंबर पर कॉल कर उन्हें पुलिस को सौंप दिया।

पिटाई का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया है। थाना सेक्टर-20 के एचएसओ राजबीर सिंह चौहान की मानें तो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें सेक्टर 25 के पास तपती धूप में बिजली के खंभे से दो युवकों को निर्वस्त्र करके बांधा गया और उनकी पिटाई की गई। इस मामले में वायरल वीडियो के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications