Noida: सोते रह गए बच्चे के मां-बाप, खेलते-खेलते 8वीं मंजिल की बालकनी से गिर गया मासूम, मौके पर मौत
नोएडा के सेक्टर-78 स्थित हाइड पार्क सोसाइटी से एक दुखद घटना सामने आई है। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे एक 4 साल के मासूम बच्चे की 8वें फ्लोर की बालकनी से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना की भनक माँ-बाप को भी नहीं लगी क्योंकि उस समय बच्चे के मां-बाप और बहन सो रहे थे। जब सुबह लोग टहलने के लिए निकले तब उनकी नजर उस बच्चे पर पड़ी। जिसके बाद मौजूद लोग और सिक्योरिटी गार्ड बच्चे को लेकर अस्पताल गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बालकनी की रेलिंग से गिरा बच्चा
बता दें कि पीड़ित परिवार नोएडा के सेक्टर 113 थना क्षेत्र में आने वाले सेक्टर 78 में स्थित हाइड पार्क सोसाइटी के क्यू टावर की आठवीं मंजिल पर पति पत्नी अपने दो बच्चों के साथ रहते थे। इनका एक 4 साल का बेटा भी था जिसे सुबह उठकर घर में घूमने की आदत थी। शुक्रवार सुबह बच्चा घर में सबसे पहले उठ गया और घर में खेलने लगा। इस दौरान बालकनी का दरवाजा खुला हुआ था। अनुमान लगाया जा रहा है कि बच्चा खेलते-खेलते बालकनी में ग्रिल के ऊपर गमलों के लिए बनाई गई रेलिंग से नीचे गिर गया।

आधे घंटे बाद परिवार को पता चला
जमीन पर गिरने की आवाज इतनी जोर की थी कि ग्राउंड फ्लोर के लोग बाहर आ गए। इसके बाद सोसाइटी के अन्य लोग और सिक्योरिटी गार्ड भी मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे बाद परिवार को पता चला कि उनका बेटा बालकनी से गिर गया है। इसके बाद बच्चे को पहले मदरलैंड अस्पताल ले जाया गया। वहां से कैलाश अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस CCTV की कर रही है जांच
आपको बताते चलें कि जिस बालकनी से बच्चा गिरा, उसमें लगभग 4.5 फीट की रेलिंग लगी है। रेलिंग में गैप भी काफी है। आशंका जताई जा रही है कि बच्चा इसी रेलिंग के बीच से गिरा होगा। फिलहाल पुलिस मौके पर जांच पड़ताल में जुटी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में किसी प्रकार की शिकायत नहीं आई है, फिर भी पुलिस सीसीटीवी आदि की जांच कर रही है। आपको बता दें कि इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। पहले भी नोएडा की सोसाइटियों में इस तरह गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications