नोएडा: घर में टाइल्स लगवाने के बाद नहीं दी पूरी मजदूरी, बदला लेने के लिए मिस्त्री ने फूंक डाली मर्सिडीज
नोएडा, 14 सितंबर: एक अजीबो-गरीब मामला उत्तर प्रदेश के नोएडा जिले से सामने आया है। यहां एक बाइक सवार शख्स ने घर के बाहर खड़ी मर्सिडीज कार पर पेट्रोल छिड़कर आग लगा दी। मर्सिडीज कार में आग लगाने के बाद बाइक सवार मौका-ए-वारदात से फरार हो गया। हालांकि, बाइक सवार की पूरी करतूत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। तो वहीं, अब कार मालिक ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की है।

CCTV में कैद हुई मर्सिडीज कार में आग लगाने की घटना
वहीं, अब कार मालिक ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की है। यह पूरा मामला नोएडा के सेक्टर-39 कोतवाली क्षेत्र के सदरपुर गांव का है। गांव निवासी आयुष चौहान की मानें तो 11 सितंबर की दोपहर को उसकी मर्सिडीज कार घर के बाहर खड़ी हुई थी। इस दौरान बाइक सवार एक शख्स वहां पहुंचा और घर के बाहर खड़ी कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। मर्सिडीज कार में आग लगाने के बाद बाइक सवार शख्स मौके से फरार हो गया। हालांकि, यह सारा वाक्या वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

32 सेकेंड का है वायरल वीडियो
32 सेकेंड के इस वीडियो में व्यक्ति आग लगाता हुआ नजर आ रहा है। उसने हेलमेट पहन हुआ है। कार मालिक आयुष चौहान ने मामले की शिकायत नोएडा पुलिस से की है। पुलिस की प्राथमिक जांच में बदला लेने की बात सामने आ रही है। दरअसल, पुलिस ने कार में आग लगाने वाले शख्स को पकड़ लिया। पुलिस की गिरफ्त में आया शख्स जलालपुर गांव निवासी रणवीर है।

कार मालिक ने घर पर कराया था टाइल्स का काम
पूछताछ में पुलिस के सामने यह बात आई कि कुछ दिन पहले मर्सिडीज के मालिक आयुष चौहान ने अपने घर में मिस्त्री से टाइल्स का काम कराया था जिसके पैसे बकाया रह गए थे जो मर्सिडीज के मालिक ने मिस्त्री को नहीं दिए। नोएडा के एसीपी रजनीश वर्मा ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा, 'गिरफ्त में आया शख्स रणवीर मूलरूप से बिहार का रहने वाला है और काम करने नोएडा आया था। वह घरों में टाइल्स लगाने का काम करता है।'
मिस्त्री का दावा नहीं दिए कार मालिक ने 2.68 लाख रुपए
एसपी ने बताया कि आरोपी का दावा है कि आयुष चौहान ने उससे अपने घर में टाइल्स लगवाई थी। चौहान पर इसका 2.68 लाख रुपये बकाया है। कई बार पैसे मांगने पर भी उसने भुगतान नहीं किया तो उसने परेशान होकर कार में आग लगा दी। हालांकि, आयुष का कहना है कि उन्होंने काम करवाने के बाद सारा भुगतान कर दिया था। मिस्त्री झूठ बोल रहा है। मामले की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications