अगर आपके वाहन पर नहीं है HSRP प्लेट तो हो जाएं सावधान, कल से भुगतना पड़ सकता है पांच हजार तक का चालान
अगर आपके वाहन पर नहीं है HSRP प्लेट तो हो जाएं सावधान, कल से भुगतना पड़ सकता है पांच हजार तक का चालान
नोएडा, 30 सितंबर: अगर आपके वाहन पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट यानी HSRP नहीं है तो यह खबर आपके लिए बेहद खास है। दरअसल, एनसीआर यानी गाजियाबाद और नोएडा में बगैर HSRP वाले वाहनों का चालान करने की तैयारी परिवहन विभाग ने शुरू कर दी है। इन वाहनों को किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी। परिवहन विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि 1 अक्तूबर से इस तरह के वाहनों का चालान किया जाएगा।

खबर के मुताबिक, गाजियाबाद में करीब 58 फीसदी वाहनों पर अभी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगी है। इन वाहनों के सड़क पर निकलने पर चालान का खतरा रहेगा। बता दें, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट को लेकर आयोजित वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश के समस्त उप परिवहन आयुक्त के साथ समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान स्पष्ट किया गया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 1 अप्रैल 2019 से पूर्व पंजीकृत हुए वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाने की समय सीमा 30 सितंबर तक निर्धारित की गई थी। अब इसकी समय सीमा बढ़ाए जाने की संभावना नहीं है।
हाई सिक्योरिटी प्लेट लगाए बिना संचालित वाहनों के विरुद्ध 1 अक्तूबर 2021 से अभियान चलाकर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। जिसमें 5000 तक जुर्माना वसूल किया जाएगा। इसके अलावा बिना हाई सिक्योरिटी प्लेट लगाए वाहनों का कोई कार्य संभागीय परिवहन विभाग में नहीं किया जाएगा। गाजियाबाद संभागीय परिवहन विभाग के एआरटीओ प्रशासन विश्वजीत प्रताप सिंह ने कहा कि जिले के ऐसे सभी वाहन स्वामियों से अपील है, कि जिन्होंने अपने वाहन में हाई सिक्योरिटी प्लेट नहीं लगवाया है, वह अपने वाहन में 30 सितंबर के पहले तक हाई सिक्योरिटी प्लेट लगाने के लिए www.siam.com पर ऑनलाइन बुकिंग कर समय से लगवा लें।
गाजियाबाद आरटीओ के मुताबिक, जिले में पंजीकृत वाहनों की संख्या 10,30,950 है इनमे से 4,29,719 वाहनों में हाई सिक्योरिटी प्लेट लग चुकी है। करीब 58 फीसदी यानी करीब 601221 वाहनों पर अभी एचएसआरपी नहीं लगी है। एआरटीओ ने बताया कि गाजियाबाद में वाहनों के अधिकृत विक्रेताओं को भी इस बारे में अलग से निर्देशित कर दिया गया है कि उनकी कंपनी से संबंधित जो भी वाहन स्वामी अपने वाहन में हाई सिक्योरिटी प्लेट लगाना चाहते हैं, उनको शीघ्र हाई सिक्योरिटी प्लेट लगाने की कार्रवाई पूरी करें।












Click it and Unblock the Notifications