गौरव चंदेल मर्डर केस: पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आई मौत की वजह
नोएडा। रीजनल मैनेजर गौरव चंदेल मर्डर केस में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक गौरव चंदेल के सिर में दो गोलिया मारी गई थी। गौरव चंदेल की हत्या करने के बाद बदमाशों ने शव को पर्थला चौक के पास हिंडन नदी के पुल के नीचे फेंक दिया था और कार, मोबाइल, लैपटॉप और पर्स आदि अपने साथ ले गए थे। इस मामले का शीघ्र खुलासा करने के लिए पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया है। वहीं, दूसरी तरफ मृतक गौरव चंदेल की पत्नी ने कहा, 'अगर पुलिस ने मदद की होती तो शायद मेरे पति जिंदा होते।'

गौरव चंदेल से फोन पर हुई थी बात
गौरव चंदेल गुड़गांव की एक निजी कंपनी में रीजनल मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और अपने परिवार के साथ गौड़ सिटी फिफ्थ एवेन्यू में रहते थे। गौरव मूल रूप से कानपुर के रहने वाले थे। करीब 4 साल पहले यहां आकर शिफ्ट हुए थे। परिजनों की मानें तो गौरव ने एक महीने पहले ही किआ सेल्टोस कार खरीदी थी। किआ सेल्टोस कार से ही गौरव सोमवार को अपने ऑफिस से वापस आ रहे थे। उनकी पत्नी प्रीति ने बताया कि ऑफिस से घर आते समय गौरव ने सोमवार रात करीब 10:22 पर मोबाइल बात की थी।

पुलिवालों ने नहीं की मदद
उन्होंने कहा, पर्थला चौक पर हूं, 5 मिनट में आ रहा। आधे घंटे बाद उनका मोबाइल बंद मिला तो सोसायटी में ही रहने वाले परिचित मुकेश को बताया। मुकेश सोसायटी के अन्य लोगों के साथ प्रीति को लेकर गौरव को ढूंढने निकले। पर्थला चौक के पास पुलिस रेस्पॉन्स वीइकल (PRV) दिखी। उस पर तैनात पुलिसवालों ने गढ़ी चौखंडी पुलिसचौकी जाने को कहा। प्रीति ने बताया कि पुलिस चौकी पर कहा गया कि सुबह 10 बजे के बाद लोकेशन ट्रेस कर मदद कर पाएंगे। चौकी पर मदद नहीं मिली तो सभी बिसरख कोतवाली पहुंचे। वहां भी पुलिसवालों ने मदद नहीं की।

हिंडन नदी के पुल के नीचे मिला था गौरव का शव
बिसरख कोतवाली से भी मदद नहीं मिली तो सुबह करीब 3 बजे फिफ्थ एवेन्यू सोसायटी के लोग कई गाड़ियों से गौरव को खोजने निकले। प्रीति ने बताया कि हमें आशंका थी कि कोई लूटपाट करने के बाद छोड़ देगा। मंगलवार सुबह करीब 4 बजे पृथला चौक के पास हिंडन नदी के पुल के नीचे गौरव का शव मिला। आंख और पूरा चेहरा खून से सना था। हाथ की घड़ी के अलावा सारा सामान और गाड़ी गायब थी। हत्या की सूचना मिली तब पुलिस एक्टिव हुई।

क्या कहा पुलिस ने
गौतमबुद्ध नगर के एसएसपी वैभव कृष्ण ने मंगलवार को बताया कि पुलिस की कई टीम बना कर मामले की छानबीन की जा रही है। परिवार को पुलिस की समय पर मदद न मिलने के सवाल पर एसएसपी ने बताया कि परिवार से विस्तृत बात की गई है और उनसे लिखित में उनका पक्ष लिया गया है। विधिक करवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications