Bhagwat Karad : मंत्री कराड ने यूं बचाई फोटोग्राफर की जान, दिल्ली में कार्यक्रम के दौरान हो गया था बेहोश
नई दिल्ली, 17 जून: केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री डॉ. भागवत किशनराव कराड ने एक बार फिर अपने नेक काम से लोगों का दिल जीत लिया है। कराड ने दिल्ली में एक कार्यक्रम में बेहोश हुए फोटोग्राफर का तत्काल इलाज करते हुए उसकी जान बचाई है। सोशल मीडिया पर मंत्री कराड का वीडियो वायरल हो गया है। यूजर्स उनकी तारीफ कर रहे हैं।

बेहोश होकर गिर या था फोटोग्राफर
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री डॉ. भागवत किशनराव कराड दिल्ली के ताज मानसिंह होटल में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। इस दौरान कार्यक्रम को कवर करने के लिए कई फोटोग्राफर मौजूद थे। इन्हीं में से एक फोटोग्राफर की नब्ज अचानक गिर गई और वह बेहोश होकर गिर गया।

मंत्रीजी ने बचाई बेहोश फोटोग्राफर की जान
मंत्री जी तुरंत फोटोग्राफर की मदद के लिए दौड़े और उसकी नब्ज चेक की। फिर उसकी पल्स रेट बढ़ाने के लिए पैर दबाने शुरू कर दिए। बताया गया कि करीब 5-7 मिनट के बाद फोटोग्राफर की नब्ज नॉर्मल हो गई। इसके बाद डॉ. कराड ने उसे कुछ मीठा खाने को दिया, जिससे ग्लूकोज के स्तर को बढ़े। मंत्रीजी की तत्परता से फोटोग्राफर की जान बच गई। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने मंत्री भागवत कराड का वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो वायरल हो रहा है। लोग मंत्रीजी की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद हैं कराड, पहले भी बचा चुके हैं शख्स की जान
मंत्री भागवत कराड पेशे से डॉक्टर हैं। वह जुलाई 2021 में वित्त राज्य मंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी कैबिनेट में शामिल हुए। वह महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद हैं। वह इससे पहले भी एक शख्स की जान बचा चुके हैं। पिछले साल नवंबर में दिल्ली से मुंबई की प्लेन यात्रा के दौरान एक शख्स की अचानक तबियत खराब हो गई। इस दौरान उन्होंने प्लेन में यात्री का इलाज किया था। पीएम मोदी ने भी उनकी तारीफ की थी।












Click it and Unblock the Notifications