मानहानि केस में गडकरी से समझौता करेंगे केजरीवाल
नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के खिलाफ मानहानि मामले में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल जल्द ही समझौता कर सकते हैं। केजरीवाल और गडकरी के बीच समझौता होने की पूरी संभावना बनती दिख रही हैं।

अरविंद केजरीवाल के वकील ने कोर्ट को जानकारी देते हुए कहा कि केजरीवाल के खिलाफ कैबिनेट मंत्री नितिन गडकरी द्वारा दाखिल मानहानि के मामले में सुलह की संभावना है और वे जल्द ही समझौता कर सकते हैं। जब कोर्ट ने पूछा कि क्या दोनों नेता इस मामले में किसी समझौते पर पहुंचे हैं तो केजरीवाल के वकील ने यह बात जज से कही।
मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट गोमती मनोचा के मुताबिक ये मामला अहम का टकराव है। अगर मामला सुलझ जाए तो बेहतर होगा। सुलह की दिशा को आगे बढ़ाने के लिए गडकरी और केजरीवाल के वकीलों ने सुनवाई स्थगित करने की मांग की कि मामला दिल्ली उच्च न्यायालय में लंबित है जो 16 अक्टूबर को सुनवाई करेगा। वहीं इस मामले में केजरीवाल को निजी तौर पर पेश होने से स्थाई तौर पर छूट देने की अर्जी को कोर्ट ने स्वीकार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications