UPSC Result : ये 5 युवा 22 की उम्र में बने IAS, ऑटो रिक्शा चालक का बेटा सबसे यंगेस्ट अफसर
नई दिल्ली। यूपीएससी ने सिविल सेवा परीक्षा 2019 का फाइनल रिजल्ट 4 अगस्त 2020 को घोषित कर दिया है। प्रदीप सिंह, जतिन किशोर और प्रतिभा वर्मा ने क्रमश: टॉप तीन स्थानों पर कब्जा जमाया है। संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा 2019 का रिजल्ट घोषित होने के मौके पर आइए जानते हैं ऐसे पांच युवाओं के बारे में, जिन्होंने पूर्व की परीक्षाओं में महज 22 साल की उम्र में आईएएस बनकर इतिहास रचा है।

1. प्रदीप सिंह, इंदौर मध्य प्रदेश
यूपीएससी परीक्षा 2019 में प्रदीप सिंह ने टॉप किया है। वहीं, इनके हमनाम प्रदीप सिंह ने भी इस बार यूपीएससी एग्जाम क्रेक किया है। 1996 में जन्मे प्रदीप ने वर्ष 2018 में 93वीं रैंक हासिल कर आईएएस बने थे। तब इनकी उम्र 22 साल थी। जबकि अब वर्ष 2019 में इनका 26वीं रैंक पर चयन हुआ है। प्रदीप सिंह का परिवार मूलरूप से बिहार के गोपालगंज का रहने वाला है। वर्तमान में मध्य प्रदेश के इंदौर में रह रहा है। फिलहाल प्रदीप सिंह भारजीय राजस्व सेवा (IRS) में बतौर असिस्टेंट कमिश्नर कार्यरत हैं।
Recommended Video

2. अंसार अहमद शेख, जालना महाराष्ट्र
देश में सबसे कम उम्र के आईएएस बनने का गौरव महाराष्ट्र के जालना जिले के शेलगांव निवासी अंसार अहमद शेख को प्राप्त है। इनके पिता ऑटो रिक्शा चालक हैं। यूपीएससी परीक्षा 2015 में 361वीं रैंक हासिल कर अंसार शेख आईएएस बने। उस वक्त इनकी उम्र महज 21 साल थी। पश्चिम बंगाल कैडर के आईएएस अंसार शेख को MSME एवं टेक्सटाइल विभाग में ओएसडी भी लगाया जा चुका है। अंसार शेख ने जालना जिले से स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद पुणे के फर्ग्यूसन कॉलेज में पढ़ाई की। पॉलिटीकल साइंस में 73 फीसदी अंकों के साथ ग्रेजुएशन किया।

3. रोमन सैनी, जयपुर राजस्थान
अंसार शेख से पहले भारत के सबसे यंगेस्ट आईएएस बनने का रिकॉर्ड रोमन सैनी के नाम था। राजस्थान के जयपुर जिले के कोटपुतली के गांव रायकरणपुरा निवासी रोमन सैनी ने वर्ष 2013 में 18वीं रैंक पर यूपीएससी परीक्षा पास की थी। रोमन की मां गृहिणी और पिता इंजीनियर हैं। 27 जुलाई 1991 को जन्मे रोमन सैनी 22 साल की उम्र में आईएएस बने। फिर इन्हें मध्य प्रदेश के जबलपुर में सहायक कलेक्टर के पद पर लगाया गया था, मगर इन्होंने सिविल सेवाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को ऑनलाइन कोचिंग देने के लिए आईएएस की नौकरी छोड़ दी और अनएकेडमी नाम से कोचिंग संस्था शुरू की।

4. स्वाति मीणा नायक, सीकर राजस्थान
महज 22 साल की उम्र में आईएएस बनने वाले युवाओं में राजस्थान के सीकर जिले के श्रीमाधोपुर तहसील के गांव बुरजा की ढाणी की स्वाति मीणा नायक का नाम भी शामिल है। 9 दिसम्बर 1984 को इनका जन्म हुआ। यूपीएससी परीक्षा 2007 में 260वीं रैंक प्राप्त कर स्वाति मीणा आईएएस बनीं। मध्य प्रदेश कैडर की आईएएस स्वाति मीणा को जिला कलेक्टर के रूप में पहली पोस्टिंग वर्ष 2012 में मंडला जिले में लगाया गया था। बाद में ये मध्य प्रदेश स्टेट कॉपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन में भी कार्यरत रही हैं।

5. अंकुर गर्ग, पटियाला, पंजाब
यूपीएससी 2002 टॉपर का नाम अंकुर गर्ग है। इन्होंने ने भी आईएएस बनने का गौरव महज 22 साल की उम्र में प्राप्त किया। अंकुर आईआईटी दिल्ली से ग्रेजुएट हैं। प्रतिष्ठत हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से वह दो वर्षीय मास्टर कोर्स भी कर चुके हैं। अंकुर के पिता डॉ. के.सी. गर्ग प्लास्टिक सर्जन हैं। परिवार पटियाला का रहने वाला है। अब दिल्ली शिफ्ट हो गए हैं।













Click it and Unblock the Notifications