Israel Iran War के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर अलर्ट, कई फ्लाइट्स डायवर्ट या कैंसिल, यात्रा से पहले चेक करें लिस्ट
Israel Iran War News: इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध संकट और पश्चिम एशिया में अस्थिर हवाई क्षेत्र का असर अब भारत आने-जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी साफ दिखने लगा है। Air India की कई फ्लाइट्स को बीच रास्ते से डायवर्ट किया गया है, जबकि कुछ फ्लाइट्स को गंतव्य से वापस लौटाया जा रहा है। दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (Delhi Airport) ने शुक्रवार सुबह 8:10 बजे एक यात्री एडवाइजरी जारी की है।

इजरायल ने किया ईरान पर बड़ा हमला
इजरायल ने ईरान पर बड़ा हमला किया है। इजरायली सेना ने शुक्रवार तड़के ईरान की राजधानी तेहरान में बमबारी की, जिससे कई इलाकों में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में ईरानी सेना के ठिकानों के साथ-साथ कुछ संभावित परमाणु ठिकानों को भी निशाना बनाया गया है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। हमले के तुरंत बाद तेहरान अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बंद कर दिया गया और क्षेत्र के हवाई क्षेत्र को लेकर सुरक्षा खतरे और भी बढ़ गए हैं।
डायवर्ट की गई एयर इंडिया की उड़ानें:
- AI130 - लंदन हीथ्रो से मुंबई → डायवर्ट की गई विएना (Vienna)
- AI102 - न्यूयॉर्क से दिल्ली → डायवर्ट की गई शारजाह (Sharjah)
- AI116 - न्यूयॉर्क से मुंबई → डायवर्ट की गई जेद्दाह (Jeddah)
- AI2018 - लंदन हीथ्रो से दिल्ली → डायवर्ट की गई मुंबई
- AI188 - वैंकूवर से दिल्ली → डायवर्ट हो रही है जेद्दाह (Jeddah)
- AI101 - दिल्ली से न्यूयॉर्क → डायवर्ट हो रही है फ्रैंकफर्ट/मिलान (Frankfurt/Milan)
- AI126 - शिकागो से दिल्ली → डायवर्ट हो रही है जेद्दाह (Jeddah)
- AI132 - लंदन हीथ्रो से बेंगलुरु → डायवर्ट की गई शारजाह (Sharjah)
- AI2016 - लंदन हीथ्रो से दिल्ली → डायवर्ट की गई विएना (Vienna)
- AI104 - वॉशिंगटन से दिल्ली → डायवर्ट की गई विएना (Vienna)
- AI190 - टोरंटो से दिल्ली → डायवर्ट की गई फ्रैंकफर्ट (Frankfurt)
वापस लौटाई गई उड़ानें:
- AI129 - मुंबई से लंदन हीथ्रो → लौट रही है मुंबई
- AI119 - मुंबई से न्यूयॉर्क → लौट रही है मुंबई
- AI103 - दिल्ली से वॉशिंगटन → लौट रही है दिल्ली
- AI106 - न्यूआर्क से दिल्ली → लौट रही है दिल्ली
- AI189 - दिल्ली से टोरंटो → लौट रही है दिल्ली
यात्री एडवाइजरी जारी
भारत में दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (Delhi Airport) ने एक यात्री एडवाइजरी जारी की है। इसमें बताया गया है कि दिल्ली एयरपोर्ट का संचालन सामान्य रूप से जारी है, लेकिन ईरान, इराक और आसपास के क्षेत्रों में बदलते हालात के चलते कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के शेड्यूल पर असर पड़ा है। कुछ फ्लाइट्स में देरी या रद्द होने की संभावना है।
यात्रियों के लिए सलाह
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी फ्लाइट से जुड़ी जानकारी के लिए अपनी संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें। साथ ही यह भी कहा गया है कि वे केवल अधिकृत और आधिकारिक माध्यमों से ही जानकारी लें ताकि भ्रम की स्थिति से बचा जा सके।
भारतीय दूतावास ने जारी की चेतावनी
तेहरान और अन्य प्रभावित इलाकों में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए भारत सरकार ने भी एडवाइजरी जारी की है। ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीयों को सतर्क रहने, अनावश्यक गतिविधियों से बचने और दूतावास के सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए लगातार जानकारी लेते रहने की सलाह दी है। इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी किए जा रहे सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील भी की गई है।












Click it and Unblock the Notifications