जानिए कितनी चाय पी जाते हैं दिल्ली पुलिस के सिपाही
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला)। बताओ दिल्ली पुलिस का सिपाही एक दिन में कितने कप चाय पीते हैं? दिल्ली में कितनी बैलगाड़ियां चलती हैं? दिल्ली में कितने हरे पेड़ हैं और कितने सूखे? ये सवाल हैं जो दिल्ली पुलिस से लोगों ने सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत पूछे हैं।

जाहिर है, इन सवालों के जवाब देना बच्चों का खेल नहीं है। दरअसल दिल्ली पुलिस के पसीने छूट रहे हैं इस तरह के सवालों के जवाब देने-बताने में। दिल्ली पुलिस के एक आला अधिकारी ने बताया कि उनके पास आरटीआई के तहत इस तरह के अनाप-शनाप सवालों के जवाब मांगे जाते हैं। जिनका जवाब देना नामुमकिन होता है। कायदे के सवाल बहुत कम पूछे जाते हैं।
नहीं पूछे जाते कायदे के सवाल
दिल्ली पुलिस के पूर्व सहायक पुलिस आयुक्त जे.एस.जून ने बताया कि अगर आरटीआई के तहत किसी केस से संबंधित सवाल पूछे जाएं तो बेहतर होगा। पर, इस तरह के सवाल नहीं पूछे जाते। कोई यह नहीं जानना चाहता है कि गांधी हत्याकांड
को किन-किन पुलिस अफसरों ने हल किया था... कोई यह भी नहीं जानना चाहता है कि दिल्ली पुलिस साल में कितने जेबकतरों के पकड़ती है या कितने मामलों को हर कर लेती है। बस, अनाप-शनाप सवाल पूछने का शौक हो गया है लोगों को।
हजारों आवेदन
आंकड़ों के मुताबिक, पिछले पांच सालों के दौरान दिल्ली पुलिस को कुल 152,600 आवेदन मिल चुके हैं। साल 2014 में सितंबर तक उसे 15,803 आवेदन मिले, जबकि साल 2013 में कुल 30 हजार आवेदन प्राप्त हुए थे।
लगे लगाम
आरटीआई एक्टिविस्ट सुभाष चंद्र अग्रवाल ने कहा कि यह बेहद अफसोस की बात है कि कुछ लोग आरटीआई कानून का गलत तरीके से इस्तेमाल कर रहे हैं। इस तरह के लोगों पर लगाम लगनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications