आदेश था 'आम' हटाने का, ढक दिया 'केजरीवाल का मुंह' भी
दिल्ली चुनाव आयोग ने होर्डिंग, बैनर आदि से 'आम' शब्द हटाने का आदेश दिया था, लेकिन अधिकारियों ने 'आम', 'आदमी' और 'केजरीवाल का मुंह' भी ढक दिया।
नई दिल्ली। दो दिन पहले दिल्ली चुनाव आयोग ने आदेश जारी किए थे कि दिल्ली में लगे सभी होर्डिंग, बैनर, नेम प्लेट आदि पर लिखे 'आम' शब्द को ढक दिया जाए। अधिकारियों ने आदेश से अधिक काम कर दिया है। अधिकारियों ने 'आम' के साथ-साथ 'आदमी' और यहां तक कि अगर उस पर केजरीवाल की तस्वीर लगी है तो 'केजरीवाल का मुंह' तक ढक दिया है। दिल्ली के कश्मीरी गेट पर आम आदमी मोहल्ला क्लीनिक के लगे बोर्ड देखेंगे तो आपको भी इस बात का यकीन हो जाएगा, कि चुनाव आयोग के आदेश से आगे बढ़कर अधिकारियों ने काम किया है।

क्यों दिया 'आम' शब्द हटाने का आदेश?
भाजपा नेता विजेन्द्र गुप्ता ने आपत्ति जताई थी कि दिल्ली सरकार की योजना आम आदमी मोहल्ला क्लीनिक, आम आदमी बायपास एक्सप्रेस आदि से आम आदमी पार्टी का प्रचार हो रहा है, इसलिए इस पर से 'आम आदमी' शब्द को हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि यह दिल्ली नगर निगम चुनाव के चलते लागू 'आदर्श आचार संहिता' का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि इन होर्डिंग से 'आम आदमी' उसी तरह हटा दिया जाना चाहिए, जिस तरह 2012 के यूपी चुनाव में हाथी ढके गए थे और 2017 के यूपी चुनाव में समाजवादी एंबुलेंस से 'समाजवादी' शब्द को हटा दिया गया था। ये भी पढ़ें- दिल्ली एयरपोर्ट के T1C एरिया में कमर्शियल गाड़ियों के आने पर लगेगी 150 रुपए की एंट्री फीस
'आम' शब्द को ढकने का दिया आदेश
दिल्ली चुनाव आयोग ने दिल्ली के मुख्य सचिव को सभी होर्डिंगि, बैनर आदि पर लिखे 'आम' शब्द को ढकने का आदेश दिया था और 48 घंटे में रिपोर्ट करने के लिए कहा था। आपको बता दें कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार ने दिल्ली स्वास्थ्य सेवा के लिए आम आदमी मोहल्ला क्लीनिक, आम आदमी पालीक्लीनिक और परिवहन सेवा आम आदमी बायपास एक्सप्रेस सर्विस चलाई हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications