दिल्ली: राजौरी गार्डन सीट पर भाजपा जीती, 'आप' की जमानत जब्त
दिल्ली की राजौरी गार्डन सीट पर पहले आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार जरनैल सिंह थे, लेकिन बाद में उन्होंने सीट छोड़ दी। इसके बाद वह पंजाब में हुए विधानसभा चुनाव में लड़ने के लिए चले गए।
नई दिल्ली। देश के 8 राज्यों की 10 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती गुरुवार को हुई। इसमें दिल्ली की राजौरी गार्डन सीट भी शामिल थी। दिल्ली की राजौरी गार्डन विधानसभा सीट पर बीजेपी-अकाली गठबंधन के उम्मीदवार मनजिंदर सिंह सिरसा ने जीत हासिल कर ली है। वहीं दूसरे नंबर पर चल रही कांग्रेस और तीसरे नंबर पर चल रही आम आदमी पार्टी की हार हुई है। इस उपचुनाव में आम आदमी पार्टी को जोरदार झटका लगा है। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार की जमानत जब्त हो गई है।

जरनैल सिंह के सीट छोड़ने से हुआ नुकसान
दिल्ली की राजौरी गार्डन सीट पर पहले आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार जरनैल सिंह थे, लेकिन बाद में उन्होंने सीट छोड़ दी। इसके बाद वह पंजाब में हुए विधानसभा चुनाव में लड़ने के लिए चले गए। जहां एक ओर पंजाब में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा, वहीं दूसरी ओर उनकी पूर्व सीट राजौरी गार्डन पर भी उनके सीट छोड़ने की वजह से आम आदमी पार्टी को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। ये भी पढ़ें- योगी सरकार ने बंद की जवाहरबाग कांड की न्यायिक जांच, सीबीआई के पास पहुंचा मामला
मनोज तिवारी ने बोला हमला
दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने भी आम आदमी पार्टी पर हमला करते हुए कहा है कि राजौरी गार्डन पर जैसी स्थिति आम आदमी पार्टी की हो रही है यह सब इस पार्टी के कर्मों की सजा है। हालांकि, अभी तक इस पर आम आदमी पार्टी की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
एमसीडी चुनाव से संबंध
23 अप्रैल को दिल्ली में एमसीडी चुनाव है। राजौरी गार्डन सीट पर आम आदमी पार्टी की हार को एमसीडी चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि अगर एमसीडी चुनाव में आम आदमी पार्टी को जीत हासिल करनी है तो अपनी रणनीति में कुछ बदलाव करना पड़ेगा।
'आप' ने मान ली हार
मनीष सिसौदिया ने माना है कि इस बार के उपचुनाव में पार्टी को नुकसान हुआ है। वे बोले कि लोगों में जरनैल सिंह के सीट छोड़कर जाने की वजह से काफी नाराजगी है। उन्होंने कहा दिल्ली के लोगों का विश्वास जीतने के लिए पार्टी और अधिक काम करेगी और इस बार होने वाले एमसीडी चुनाव आम आदमी पार्टी ही जीतेगी। उन्होंने कहा कि पिछले दो साल में आप सरकार ने जो काम किया है, वैसा काम अभी तक की किसी भी सरकार ने नहीं किया है।












Click it and Unblock the Notifications