'भाजपाइयों के साथ होती ऐसी घटना तो आरोपियों के घर पर चल जाते बुल्डोजर', लखीमपुर हिंसा पर बोले नरेश टिकैत
'भाजपाइयों के साथ होती ऐसी घटना तो आरोपियों के घर पर चल जाते बुल्डोजर', लखीमपुर हिंसा पर बोले नरेश टिकैत
मुजफ्फरनगर, 07 अक्टूबर: लखीमपुर खीरी की घटना के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों में सरकार के प्रति गुस्सा देखने को मिल रहा है। तो वहीं, भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैट ने प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपाराज में किसानों पर जुल्म हो रहे हैं। लखीमपुर की यह घटना सरकार के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी।

दरअसल, चौधरी नरेश टिकैत बुधवार (06 अक्टूबर) को भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती के अवसर पर सिसौली पहुंचे। यहां उन्होंने चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। दैनिक जागरण की खबर के मुताबिक, इस मौके पर भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा, 'यदि यह घटना भाजपाइयों के साथ हो जाती तो सरकार आरोपितों के घरों पर बुलडोजर चलवा देती।' टिकैत ने कहा कि किसान संघर्ष करते हुए मान-सम्मान की लड़ाई लड़ रहा है। आंदोलन को अधिक समय दिए जाने की जरूरत है।
बीजेपी सरकार की करनी और कथनी में अंतर
चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि लखीमपुर खीरी प्रकरण के बाद चौधरी राकेश टिकैत के वहां जाने और समझौता कराने को लेकर लोग फोन कर सवाल खड़े कर रहे हैं। मैं उन्होंने बता देना चाहता हूं कि राकेश टिकैत वहां पीड़ितों को इंसाफ दिलाने के लिए गए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में अंतर है। किसान आंदोलन को कुचलने के लिए सरकार हर हथकंडा अपना रही है। किसान इसे परीक्षा की घड़ी मान लें। किसान न झुकेगा और न ही दबेगा। भाजपा को उन्होंने भी वोट दिया था, किसानों ने भी खूब वोट दिया था लेकिन किसानों को अपमानित किया जा रहा है।
ये धमकी बन ना जाए बीजेपी नेताओं के साथ अनहोनी की वजह
इससे पहले चौधरी नरेश टिकैत ने कहा था कि जब तक किसान आंदोलन चल रहा है भाजपा का कोई मंत्री व विधायक किसी भी गांव में कोई भी सभा करने से परहेज रखें, क्योंकि भाजपा सरकार के प्रति किसानों को इतना गुस्सा है कि कहीं भी किसी भी प्रकार की कोई भी घटना उनके साथ घट सकती है। भविष्य में कोई घटना घटती है तो यह सरकार और उसके नुमाइंदे स्वयं जिम्मेदार होंगे।












Click it and Unblock the Notifications