वाजिद खान की पत्नी संपत्ति विवाद में पहुंचीं बॉम्बे हाईकोर्ट, साजिद खान और उनकी मां पर लगाए गंभीर आरोप
मुंबई। दिवंगत संगीतकार-गायक वाजिद खान की पत्नी कमलरुख खान ने अपने देवर साजिद खान और सास के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। कमलरुख ने अपने पति की वसीयत के संबंध में हाईकोर्ट का रुख किया है और इसमें उनके भाई साजिद खान और उनकी मां के खिलाफ स्थाई निषेधाज्ञा की मांग की है। कमलरुख का दावा है कि वाजिद ने 2012 में अपनी वसीयत बनाई थी, जिसमें सिर्फ उन्हें और उनके बच्चों को संपत्ति का एकमात्र वारिस बनाया था। आपको बता दें कि पिछले साल वाजिद खान का कोरोना संक्रमण के कारण निधन हो गया था।

कोर्ट में दाखिल की दो याचिकाएं
कमलरुख ने वसीयत याचिका के साथ-साथ एक अर्जी भी दायर की है, जिसमें अंतरिम राहत की मांग की गई है। उन्होंने याचिका में, वाजिद की मां और भाई को संपत्ति से अलग करने या किसी तीसरे पक्ष का संपत्ति पर अधिकारों का दावा करने से रोकने के लिए स्थायी निषेधाज्ञा का आदेश जारी करने की मांग की है। इसी संपत्ति के संबंध में उन्होंने अपनी और अपने बच्चों की रक्षा करने की भी मांग की है।
20 साल से इंडस्ट्री में मशहूर है साजिद-वाजिद की जोड़ी
आपको बता दें कि साजिद-वाजिद की जोड़ी बॉलीवुड के फेमस म्यूजिक कंपोजर्स में से एक थी। उन्होंने कई सुपरहिट एल्बम में एक साथ काम किया है। दोनों भाई मेसर्स साजिद वाजिद LLP (लिमिटेड लायबिलिटी पार्टनरशिप) के बैनर तले एक अच्छी तरह से स्थापित संगीतकार थे। अपने 20 साल से अधिक लंबे करियर में, दोनों ने संयुक्त रूप से काफी पैसा और संपत्ति बनाई थी।
वाजिद की पत्नी ने लगाए उनके परिवार पर गंभीर आरोप
कमलरुख का दावा है कि 2003 में उन्होंने विशेष विवाह अधिनियम के तहत वाजिद से शादी की थी। लेकिन इसके बाद से उनके परिवार ने कभी भी उन्हें और उनके बच्चों को अपने परिवार के हिस्से के रूप में स्वीकार नहीं किया। साल 2020 में वाजिद के निधन के कुछ महीनों के बाद ही कमलरुख ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करके यह भी आरोप लगाया था कि उनके ससुराल वालों ने उन पर इस्लाम धर्म अपनाने के लिए दवाब डाला था।












Click it and Unblock the Notifications