होली पर फैमिली फोटो शेयर करते हुए भावुक हुए अमिताभ, बोले- अब 'प्रतीक्षा' पर पहले जैसी पार्टियां नहीं होतीं
होली के अवसर पर महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने परिवार की एक बेहद पुरानी ब्लैक एंड वाइट फोटो शेयर की है। यह फोटो होली के त्योहार की है, जिसमें अमिताभ, उनकी पत्नी जया बच्चन और अभिषेक बच्चन होली के रंग में सने नजर आ रहे हैं।
मुंबई। होली के अवसर पर महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने परिवार की एक बेहद पुरानी ब्लैक एंड वाइट फोटो शेयर की है। यह फोटो होली के त्योहार की है, जिसमें अमिताभ, उनकी पत्नी जया बच्चन और अभिषेक बच्चन होली के रंग में सने नजर आ रहे हैं। फोटो के कैप्शन में अमिताभ ने लिखा- रंग बरसे भीगे चुनर वाली रंग बरसे...होली है।

वहीं, अपने ब्लॉग में अमिताभ ने अपने चाहने वालों को होली की शुभकामनाएं देने के साथ-2 अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखने के लिए भी कहा है। हालांकि उन्होंने एक बात को लेकर दुख भी प्रकट किया। अमिताभ ने लिखा की अब प्रतीक्षा पर पहले जैसी पार्टियां नहीं होतीं। प्रतीक्षा अमिताभ के घर का नाम है। उन्होंने लिखा, 'रंगों का यह त्योहार आपके लिए खुशियां लाए...अपने आपको स्वस्थ रखें, बुद्धिमान बनें और लोगों को क्षमा करना सीखें...यही जीवन का मंत्र है।'
यह भी पढ़ें: Fuel Rates: होली पर लोगों को राहत, नहीं बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, जानें आज के रेट
उन्होंने पुराने दौर को याद करते हुए लिखा, 'गौरव के वो दिन जब प्रतीक्षा में सब एक साथ आते थे अब खो गए हैं।...संगीत का उत्सव, डांस...लोक गीत बैंड और लोक विद्दा...वह खुला हुआ घर और जो भी घर में आना चाहता है उसका स्वागत करना और मद्दपान का वह उत्सव...अब खो गया है।'
उन्होंने पुराने समय को याद करते हुए लिखा कि, 'कैसे होली पर प्रतीक्षा में सुबह से लेकर देर रात तक मौज मस्ती होती थी, लेकिन अब सब कुछ बदल चुका है, खासतौर पर कोरोना वायरस के चलते।' उन्होंने आगे लिखा मौन समारोहों के बावजूद, 'भावना बनी हुई है।'
अमिताभ ने आगे लिखा की कोरोना महामारी ने जीने के ढंग को ही बदल दिया है...भावनाएं जाहिर करने और लोगों से गले मिलने में डर बना रहता है। अपने पुराने दौर को याद करते हुए उन्होंने लिखा कि एक वो दौर था जब सभी यार-दोस्त आते थे और सुबह से लेकर देर रात तक लॉन में बैठकर समय बिताते थे और फिर रंग को छुड़ाने के लिए तेल का स्नान करते थे। सिर बार और पैरों में गुलाल होता था...और एक संतुष्टि भरी मुस्कान होती थी।
कोरोना वायरस को याद करते हुए उन्होंने लिखा, 'लोग अभी भी उस्तव मना रहे हैं...लेकिन प्रतीक्षा इस समय शांत है...लोग मर रहे हैं।...लेकिन अभी भी हौसला बरकरार है...कृपया अपने मतभेदों की आहूति दें...हमेशा शांति बनी रहे। और सभी के लिए हर दिन खुशियां दोगुनी होती जाएं...होली है।'












Click it and Unblock the Notifications