पुणे के नादेड़ फाटा में एक फैक्ट्री में लगी भीषण आग, एक की मौत एक घायल
गुरुवार सुबह पुणे के नादेड़ फाटा के भाऊ इंडस्ट्रियल एस्टेट में एक केक स्पार्कलर बनाने वाली फैक्टी में भीषण आग लग गई।
मुंबई, 16 सितंबर। गुरुवार सुबह पुणे के नादेड़ फाटा के भाऊ इंडस्ट्रियल एस्टेट में एक केक स्पार्कलर बनाने वाली फैक्टी में भीषण आग लग गई। एक घंटे की मशक्कत के बाद दमकल की आठ गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। पुणे फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि सिंहगढ़ रोड स्थित भाऊ इंडस्ट्रियल एस्टेट में एक इमारत की दूसरी मंजिल पर स्थित फैक्ट्री में सुबह करीब 10 बजे आग लगी। पुणे फायर ब्रिगेड और पुणे मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (पीएमआरडीए) की दमकल गाड़ियों को आग बुझाने के काम में लगाया गया।

उन्होंने बताया कि जिस समय आग लगी उस समय कारखाने के अंदर 15 से अधिक कर्मचारी मौजूद थे। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया, जबकि फैक्ट्री के अन्य कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया। एक अधिकारी ने कहा कि रासायनिक पाउडर के कारण फैक्ट्री में तीन धमाकों की आवाज सुनी गई। पुणे फायर ब्रिगेड के मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रशांत रानपिसे ने कहा कि हमने शव को बरामद कर लिया है। पीएमआरडीए के फायर चीफ देवेंद्र पोटफोडे ने कहा कि लगभग एक घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति की मौत के अलावा इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। उन्होंने कहा कि आग से बचने के लिए व्यक्ति ने खिड़की से कूदने की कोशिश की, जिसके चलते वह घायल हो गया। जिस वक्त आग लगी उस समय फैक्ट्री में 15 से ज्यादा लोग थे।
यह भी पढ़ें: निपाह वायरस: कर्नाटक तक संक्रमण पहुंचने की आशंका, जांच के लिए पुणे भेजा गया सैंपल
पोटफोडे ने कहा कि समय रहते ज्यादातर लोग फैक्ट्री से निकलने में कामयाब रहे। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री में केक स्पार्कलर बनते हैं। हमारा मानना है कि वे छोटे कार्डबोर्ड कंटेनरों में फ्लैश पाउडर भरकर इन स्पार्कलर को असेंबल कर रहे थे। अत्यधिक ज्वलनशील पाउडर और कार्डबोर्ड कंटेनरों के ढेर ने आग को और ज्यादा बढ़ा दिया। वहीं, एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि फैक्ट्री में सुरक्षा के इंतजाम थे या नहीं इस बात की जांच की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications