Morena news: दस हजार के इनामी डकैत के घर पर चला मामा का बुलडोज़र
डकैत कल्ला गुर्जर के घर पर चला बुलडोजर, दस हजार का इनामी है डकैत कल्ला गुर्जर, गुड्डा गैंग का सक्रिय सदस्य है कल्ला गुर्जर, लोहागढ़ गांव में की गई घर तोड़ने की कार्रवाई
Morena में डकैतों पर भी बुलडोजर की कार्रवाई देखने को मिल रही है। मुरैना के लोहागढ़ गांव में ₹10000 के इनामी डकैत कल्ला गुर्जर के घर पर बुलडोजर चलाया गया है। डकैत कल्ला गुर्जर ₹60000 के इनामी डकैत गुड्डा गुर्जर की गैंग का सक्रिय सदस्य हैं और कई वारदातों में शामिल है। मुरैना के थानों में कल्ला गुर्जर पर कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।

पहाड़गढ़ इलाके में लगातार सक्रिय है डकैत गुड्डा गुर्जर
लोहागढ़ इलाके में डकैत गुड्डा गुर्जर लगातार सक्रिय है। डकैत गुड्डा गुर्जर के गिरोह में शामिल ₹10000 के इनामी डकैत कल्ला गुर्जर का भी आतंक इलाके में देखने को मिल रहा है। डकैत गुड्डा गुर्जर पर पुलिस ने नकेल कसना शुरू कर दी है। यही वजह है कि डकैत गिरोह में शामिल कल्ला गुर्जर के मकान को तोड़ने की कार्रवाई मुरैना पुलिस द्वारा की गई है। लोहागढ़ गांव में स्थित कल्ला गुर्जर के घर पर बुलडोजर चलाया गया है।

सीएम ने वीसी में जताई नाराजगी
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को भी वीसी ली थी। वीसी में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि चंबल घाटी में डकैत गिरोह के सक्रिय होने की वजह से पूरे प्रदेश की छवि खराब हो रही है। सीएम की नाराजगी का अधिकारियों पर असर हुआ और अधिकारी तुरंत एक्शन मोड में आ गए। इसके चलते सबसे पहले कल्ला गुर्जर के मकान को तोड़ने की कार्रवाई की है।

लोहागढ़ के जंगलों में पहुंचे आईजी
सीएम की नाराजगी के बाद चंबल आईजी राजेश चावला पहाड़गढ़ के जंगलों में पहुंचे और यहां उन्होंने मुरैना और श्योपुर पुलिस की टीम के साथ मीटिंग की। आईजी ने यहां सख्त निर्देश दिए हैं कि हर हाल में अब डकैत गुड्डा गुर्जर गैंग का सफाया होना चाहिए। आईजी से हरी झंडी मिलने के बाद अब मुरैना और श्योपुर जिले की पुलिस डकैत गुड्डा गुर्जर की तलाश में जुट गई।

पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है डकैत गुड्डा गुर्जर
डकैत गुड्डा गुर्जर पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। डकैत गुड्डा गुर्जर लगातार पहाड़गढ़ क्षेत्र में वारदातें कर रहा है और पुलिस के हाथ नहीं आ रहा है। पुलिस से 7 बार हुई मुठभेड़ में डकैत गुड्डा गुर्जर हर बार बचता रहा है लेकिन अब पुलिस ने डकैत गुड्डा गुर्जर का खात्मा करने के लिए रणनीति तैयार कर ली है।












Click it and Unblock the Notifications