पहले किया पूजा-पाठ फिर खजाने के लिए शुरू हो गई खुदाई
मुरैना के सींगपुरा गांव में खजाने के लालच में खुदाई करने का मामला सामने आया है, अज्ञात लोगो ने पूजा पाठ करने के बाद खजाने के लिए खुदाई की है।
मुरैना, 30 जुलाई। क्या वाकई चंबल के इलाकों में खजाना छुपा हुआ है? क्या वाकई आज भी जमीन के नीचे दफन है बेशकीमती खजाना? क्या वाकई यह खजाना मिल सकता है? ऐसे ही कुछ सवाल तब पैदा हो गए जब चंबल अंचल से खजाने के लिए खुदाई की खबरें निकल कर सामने आई है। ताजा मामला मुरैना जिले से आया है। यहां एक गांव में खजाने के लिए खुदाई की गई है। खजाना खोदने से पहले बाकायदा वहां पूजा पाठ किया गया और इसके बाद खजाने के लिए खुदाई शुरू हो गई।

सींगपुरा गांव में अज्ञात लोगों ने की खजाने के लिए खुदाई
मुरैना जिले के पोरसा इलाके में स्थित सींगपुरा गांव इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है। सींगपुरा गांव के खेतों में खजाना पाने की खातिर कुछ लोगों द्वारा खुदाई की गई है। खेतों के बीच में मौजूद एक झाड़ियों के झुंड के नीचे खजाने की खुदाई के लिए बड़ा गड्ढा खोद दिया गया है। खजाने की खुदाई के बारे में ग्रामीणों को उस वक्त पता लगा जब ग्रामीण खेतों में काम करने पहुंचे थे और यहां झाड़ियों के बीच में उन्होंने गहरा गड्ढा देखा। इसके बाद वहां लोगों की भीड़ जमा होना शुरू हो गई।

खजाने की खुदाई से पहले की गई विशेष पूजा
सींगपुरा गांव के खेतों में खजाने की खुदाई के पहले अज्ञात लोगों द्वारा वहां पर विशेष पूजा की गई। पूजा करने के साक्ष्य भी मौके पर ग्रामीणों को मिले हैं। बाकायदा कुछ ईटों पर यहां पूजा की गई और उन पर प्रसाद भी चढ़ाया गया। नजदीक ही दिया भी जलाया गया। इसके अलावा सिंदूर और नीबू समेत अन्य पूजा सामाग्री मौक पर मिली है। अनुमान लगाया जा रहा है कि खजाने की खुदाई से पहले किसी तांत्रिक द्वारा यहां विशेष पूजा की गई होगी उसके बाद ही खजाने की खुदाई का काम शुरू किया गया होगा।

मौके पर फावड़ा, तसला और धारदार हथियार भी मिले
मौके पर ग्रामीणों को फावड़ा, तसला, कुल्हाड़ी और धारदार हथियार भी मिला है। इसी फावड़ा और तसला से खजाने के लिए खुदाई की शुरुआत की गई। इसके साथ ही कुल्हाड़ी और हथियार इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि खुदाई के दौरान यहां बलि देने की भी पूरी तैयारी थी, लेकिन खुदाई करने वाले लोग अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके।

ग्रामीण ने दी पुलिस को सूचना
खजाने की खुदाई के बारे में ग्रामीणों ने पोरसा थाना पुलिस को सूचना दी है। जानकारी मिलने पर पोरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जैसे-जैसे आसपास के इलाके में खजाना खोदने की बात चल रही है, वैसे-वैसे सींगपुरा गांव में लोगों के पहुंचने का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। लोग यह देखने के लिए पहुंच रहे हैं कि आखिर खजाने के लिए खुदाई किस तरह की गई।












Click it and Unblock the Notifications