बाग में खेलने गए थे 4 बच्चे, बगल से बह रही रामगंगा में लगा दी छलांग, 2 सगे भाइयों समेत 3 लापता, तलाश जारी
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में रामगंगा नदी में नहाने गए तीन बच्चे डूब गए हैं। साथ में ही नहा रहे चौथे बच्चे के शोर मचाने पर पूरी घटना की जानकारी हुई है। स्थानीय पुलिस और गोताखोर बच्चों की तलाश में जुटे हुए हैं। परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्हें रामगंगा किनारे बच्चों के कपड़े और चप्पल रखे मिले। इनमे से दो सगे भाई हैं।
बाग में खलते खेलते नदी में पहुंचे
बता दें कि मुरादाबाद के भूड़ा चौराहा निवासी 11 वर्षीय रितिक पुत्र चंद्रपाल, 13 वर्षीय मनोज पुत्र गंगाराम, 10 वर्षीय दुर्गेश पुत्र गंगाराम और वंश पुत्र बंटी घर से अपनी नानी के बाग में घूमने के लिए कटघर थाना क्षेत्र सूरज नगर आए थे। लेकिन बाग में खेलते-खेलते सभी बच्चे बराबर में बह रही रामगंगा नदी में नहाने के लिए चले गए। इनमे से एक बच्चा वंश नदी में न उतारकर किनारे पर ही खड़ा रहा।

गहरे पानी में 3 बच्चे लापता
उधर, बाकी तीनों बच्चे थोड़ी देर तक तो कम गहरे पानी में नहाते रहे, लेकिन उसके बाद वो गहरे पानी में चले गए। जिसके बाद तीनों बच्चे डूबने लगे। तभी वंश ने बाग में जाकर शोर मचाया, शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग जब तक रामगंगा नदी किनारे आए तब तक बहुत देर हो चुकी थी। तीनों बच्चे लापता हो गए थे। बच्चों के डूबने की जानकारी लगते हैं उनके परिवार के लोगों समेत कटघर थाना पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुँच गए।

तलाश अभियान जारी, पीएसी के गोताखोर मौके पर
आपको बता दें कि सूचना मिलते ही मूंढापांडे में कैंप कर रहे पीएसी के गोताखोर भी मौके पर आ गए थे। लेकिन पहाड़ी और मैदानी इलाको में हो रही बारिश के चलते रामगंगा नदी का जल स्तर बढ़ा हुआ है। जिसके चलते करीब तीन घंटे तक पीएसी के गोताखोरों की टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से रामगंगा में डूबे बच्चों की तलाश की। लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। पीएसी के गोताखोर अब सोमवार को सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications