Mirzapur Accident: गर्भवती महिला को लेकर जा रही एंबुलेंस पर पलटा ट्रक, दर्दनाक हादसे में चार लोगों की गई जान
Mirzapur Accident: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में शनिवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। सोनभद्र से बनारस ले जाई जा रही एक एंबुलेंस पर अचानक गिट्टी से भरा भारी ट्रक पलट गया। इस दुर्घटना में गर्भवती महिला समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं।
हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने तत्काल मलबा हटाने का काम शुरू किया। जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से घायलों और शवों को बाहर निकाला गया। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही मिर्जापुर और सोनभद्र के प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सड़क पर लगे भारी जाम को भी नियंत्रित करने की कोशिश की ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए।
गर्भवती महिला को बनारस ले जाते समय हुआ हादसा
शनिवार सुबह सोनभद्र के लोढ़ी अस्पताल से गर्भवती हीरावती देवी को बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर किया गया था। एंबुलेंस में हीरावती के साथ उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे, जो उनके साथ अस्पताल जा रहे थे।
एंबुलेंस चालक अपने एक साथी के साथ सभी को सुरक्षित बनारस पहुंचाने के प्रयास में था। लेकिन रास्ते में अहरौरा-वाराणसी शक्ति नगर मार्ग पर ओवर ब्रिज के पास अचानक मौत बनकर ट्रक टूट पड़ा।
तेज रफ्तार ट्रक ने ली मासूम जानें
जानकारी के अनुसार, क्रशर प्लांट से गिट्टी लादकर तेज रफ्तार में वाराणसी की ओर जा रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर एंबुलेंस पर पलट गया। ट्रक के पलटते ही एंबुलेंस सवार लोग गिट्टी के ढेर में दब गए और चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जेसीबी और पोकलेन मशीनों को बुलवाकर राहत कार्य शुरू कराया। कई घंटे की मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया।
मृतकों में शामिल हैं एक गर्भवती महिला और तीन अन्य
हादसे में गर्भवती हीरावती देवी (25 वर्ष) निवासी कनहरा थाना ओबरा, मालती देवी (40 वर्ष) निवासी जुगैल सोनभद्र, सूरज बली खरवार (27 वर्ष) और रामू की मौत हो गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घायलों में कौशल कुमार खरवार उर्फ भाईलाल निवासी कनहरा थाना ओबरा और भंडारी शर्मा निवासी संतनगर गुरमा शामिल हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने किया ट्रैफिक कंट्रोल
हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया था। पुलिस बल ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए एक तरफ से ट्रैफिक को डायवर्ट किया और बचाव कार्य तेज किया। मिर्जापुर और सोनभद्र पुलिस के अधिकारी लगातार मौके पर डटे रहे।
इस भीषण हादसे के बाद स्थनीय लोगों ने कहा कि जिस ट्रक से हादसा हुआ, वह भारी मात्रा में गिट्टी से लदा हुआ था और उसकी रफ्तार भी तेज थी। लोगों ने यह भी कहा कि इस मार्ग पर अक्सर ओवरलोड ट्रक तेज रफ्तार में चलते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।












Click it and Unblock the Notifications