UP News: भूमि विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस पर दबंगों ने किया पथराव, थाना प्रभारी समेत दो घायल, सात गिरफ्तार
UP Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद में भूमि विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस के ऊपर दबंगों ने पथराव कर दिया। इस मामले में थानेदार समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
UP Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद में बुधवार दोपहर बाद भूमि विवाद की सूचना के बाद गांव में पहुंची पुलिस के ऊपर दबंग लोगों द्वारा पथराव कर दिया गया। पथराव में थाना प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। दोनों का अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
वहीं, दबंगों द्वारा पुलिस टीम पर पथराव की सूचना मिलते ही पूरे जिले में हड़कंप मच गया। कई थानों की फोर्स के साथ पुलिस अधीक्षक मीरजापुर भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से पूछताछ की। एसपी मीरजापुर ने बताया कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिर्जापुर जनपद के संत नगर थाना क्षेत्र के मुस्किरा जंगल में 10 बीघा जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है। पिछले दिनों तहसील दिवस और समाधान दिवस पर भी गांव के रहने वाले एक पक्ष के वीरेंद्र सिंह पटेल और दूसरे पक्ष के लल्लन शर्मा द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया था।
दोनों पक्षों द्वारा विवादित जमीन पर अपना दावा किया जा रहा है। बताया गया कि मौजूदा समय में उक्त जमीन पर वीरेंद्र सिंह पटेल का कब्जा है। बुधवार को उसी जमीन पर लल्लन शर्मा के पक्ष के लोग ट्रैक्टर लेकर जोतने के लिए पहुंच गए। उसके बाद वीरेंद्र के घरवालों ने 112 नंबर डालकर पुलिस को सूचना दिया।
पीआरवी के पहुंचने पर लल्लन शर्मा पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। उसके बाद पीआरबी द्वारा तत्काल संत नगर थाने को विवाद के बारे में पीआरवी द्वारा सूचित किया गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरविंद सरोज पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचे। बताया जा रहा है कि गांव में पहुंचकर थानाध्यक्ष दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रहे थे इसी दौरान लल्लन शर्मा पक्ष की महिलाएं आक्रोशित हो गई।
आक्रोशित लोगों द्वारा पुलिस टीम के ऊपर पथराव किया जाने लगा। पथराव में थानाध्यक्ष अरविंद सरोज और पीआरवी का सिपाही धर्मेंद्र कुमार सिंह घायल हो गए। दबंगों द्वारा पुलिस टीम के ऊपर पथराव किए जाने की सूचना जैसे ही वायरलेस सेट पर प्रसारित हुई जिले में हड़कंप मच गया।
थोड़ी ही देर में वहां मड़िहान, अहरौरा, चुनार, हलिया, लालगंज, ड्रमंडगंज आदि थानों की फोर्स के साथ ही एडिशनल एसपी नक्सल ओपी सिंह, एपीसीटी प्रकाश प्रजापति, क्षेत्राधिकारी लालगंज मंजरी राव, क्षेत्राधिकारी सदर शैलेंद्र त्रिपाठी भी पहुंच गए। भारी फोर्स पहुंचने की सूचना मिलते ही पथराव करने वाले भागने लगे।
थोड़े समय बाद पुलिस अधीक्षक मिर्जापुर संतोष कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी मड़िहान युगांतर त्रिपाठी, तहसीलदार संजीव कुमार यादव भी गांव में पहुंचे। इस दौरान गांव से 6 महिलाओं समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार करने के बाद उसे पूछताछ की जा रही है।
इस बारे में पुलिस अधीक्षक मिर्जापुर संतोष कुमार मिश्रा द्वारा बताया गया कि घायल पुलिसकर्मी की स्थिति सामान्य है। पुलिस के ऊपर पथराव करने वाले लोगों के खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि भूमि विवाद को जल्द से जल्द सुलझाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।


Click it and Unblock the Notifications
