Sawan 2023: CM Yogi ने कांवड़ियों पर बरसाए फूल, मुख्यमंत्री को अपने बीच देख झूम उठे शिवभक्त
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को सहारनपुर और आसपास के जिलों में बाढ़ ग्रस्त इलाकों का जायजा लेने पहुंचे थे। इसी बीच उन्होंने अचानक मेरठ में शिवभक्त कांवड़ियों के बीच पहुंचकर उन्हें सरप्राइज दे दिया। मंच से सीएम ने कांवड़ियों पर फूल बरसाते हुए उन्हें शिवरात्रि की शुभकामनाएं दी। सीएम योगी ने शिवभक्तों को उनकी कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न होने के लिए शुभकामनाएं दी, साथ ही बोल बम बम बम के जरिए उनका उत्साह बढ़ाया। दूसरी तरफ कांवड़िये भी सीएम योगी की एक झलक के लिए बेताब दिखे।
अचानक लिया निर्णय
आपको बता दें कि सहारनपुर दौरे पर आए सीएम योगी ने तत्काल मेरठ आने का निर्णय लिया। आनन फानन में उनके हेलिकॉप्टर की मोदीपुरम स्थित एसडीएस ग्लोबल हॉस्पिटल में लैडिंग कराई गई। साथ ही फूलों की बरसा करने के इंतजाम किए गए। कांवड़ियों से लेकर भीड़ को नियंत्रित करने में सारा पुलिस, प्रशासन जुट गया। सीएम जैसे ही कांवड़ियों के बीच पहुंचे तो शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

कांवड़ियों पर सीएम ने की पुष्प वर्षा
इसके बाद सीएम योगी और मंत्री स्वतंत्र देव सिंह हेलीकॉप्टर से उतर कर सड़क पर खड़े ट्रैक्टर ट्रॉली के ऊपर चढ़ गए। जिसके बाद दोनों ने सड़क से गुजरते कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा करते हुए उनका स्वागत और अभिनंदन किया। सीएम को अपने सामने देखकर सड़क से गुजरते कावड़िए अभिभूत हो गए। सीएम की एक झलक पाने के लिए कांवड़िया बेताब दिखाई दिए। सीएम के मंच के आसपास चारों ओर भीड़ के साथ राह चलते कांवड़िए भी रुक गए।
Recommended Video

सीएम की एक झलक पाने के लिए कांवड़िया बेताब
कांवड़ियों ने कहा कि आज से पहले कोई सीएम हमारे बीच नहीं आया। लेकिन योगी पहले ऐसे सीएम हैं जो हम कांवड़ियों के बीच आए और फूल बरसाकर हमारा उत्साह बढ़ाया है। बता दें कि योगी आदित्यनाथ ने 2017 में सीएम बनने के बाद कांवड़ यात्रा को पूरे जोश के साथ जारी रखा है। उन्होंने ही कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों पर फूलों की बरसात कराना शुरू किया, जिसे हर साल दोहराया जाता है।

हर साल शिवभक्तों पर बरसाते हैं फूल
पिछले साल भी सीएम ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ियों पर फूल बरसाए थे। हर साल अधिकारी शिवभक्तों पर फूल बरसाते हैं। वहीं यात्रा के दौरान मांस, मदिरा की दुकानें बंद करने का फैसला भी सीएम योगी ने दिया। इस बार मुख्यमंत्री स्वयं शिवभक्तों के बीच पहुंचे और उनका स्वागत किया।












Click it and Unblock the Notifications