Meerut News: फॉलोअर्स बढ़ाने के चक्कर में वायरल किया 'ड्रोन चोर' का फर्जी वीडियो, पुलिस ने की तुरंत कार्रवाई
Meerut News: यूपी के मेरठ में सोशल मीडिया पर एक फर्जी वीडियो ने लोगों में दहशत का माहौल बना दिया। खुद को इन्फ्लुएंसर बताने वाली दो युवतियों ने रात के वक्त 'ड्रोन चोर' की अफवाह फैलाई, जिसे लेकर पुलिस को सख्त कदम उठाने पड़े।
वीडियो में दावा किया गया कि एक संदिग्ध ड्रोन चोर को लोगों ने पकड़ लिया है। वीडियो में युवती कहती नजर आई कि वह उसे जनता के हवाले करेगी। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में हड़कंप मच गया।

यह घटना 5 अगस्त मंगलवार की रात की है। वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट होते ही तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में एक युवती खुद को जागरूक नागरिक बताकर अफवाह भरा वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करती है।
इसलिए वायरल किया था वीडियो
पुलिस जांच में सामने आया कि वीडियो में दिख रही युवतियों में एक लायबा है जो रसीद नगर में रहती है और ब्यूटी पार्लर चलाती है। दूसरी मीनाक्षी, सरस्वती लोक की निवासी है और शॉर्ट फिल्मों में काम करती है।
लायबा का इंस्टाग्राम अकाउंट meerut_twins_454 नाम से है, जिसके 74 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वहीं मीनाक्षी के अकाउंट meenakshi_ranveer पर 1500 के करीब फॉलोअर्स हैं। दोनों अकाउंट पर काफी वीडियो पहले से अपलोड किए गए हैं।
आईटी एक्ट के तहत की गई कार्रवाई
गणेशपुरी चौकी इंचार्ज हिमांशु भारद्वाज ने ब्रह्मपुरी थाने में इस संबंध में शिकायत दी। उन्होंने बताया कि अफवाह फैलाने वाला वीडियो खत्ता रोड क्षेत्र का बताया गया था जबकि वहां ऐसा कोई वाकया नहीं हुआ।
पुलिस ने वीडियो को अफवाह मानते हुए आईपीसी की धाराओं के तहत केस दर्ज किया। आईटी एक्ट की धारा 66डी और बीएनएस की धारा 351 के तहत दोनों पर कार्रवाई की गई है। दोनों युवतियों को गिरफ्तार कर जमानत पर छोड़ा गया।
सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक कराने में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि आरोपितों के इंस्टाग्राम और यूट्यूब अकाउंट को ब्लॉक कराने के लिए रिपोर्ट भेजी जा रही है। संबंधित सोशल मीडिया कंपनियों को वीडियो हटाने और अकाउंट बंद करने के निर्देश दिए जाएंगे।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि अब तक इस तरह के 26 मामले सामने आए हैं जिनमें अफवाहें फैलाई गईं। कुल 35 से अधिक लोगों को पकड़ा जा चुका है और शेष आरोपियों की ऑनलाइन गतिविधियों की निगरानी की जा रही है।
प्रदेश के कई जनपदों में चोरी को लेकर हड़कंप मचा है। इसे देखते हुए सरकार ने ड्रोन को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त रुख अपनाया है। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि जरूरी हो तो ऐसे मामलों में रासुका के तहत भी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने हाल ही में एक बैठक में कहा कि बिना अनुमति ड्रोन उड़ाना पूरी तरह अवैध है।












Click it and Unblock the Notifications