Meerut: कलयुगी माँ ने उतारा बेटा-बेटी को मौत के घाट, पूर्व पार्षद से शादी में रोड़ा बन रहे थे मासूम
इस वारदात के बारे में जिसने भी सुना, हर किसी ने बस एक ही बात कही कि कलयुग शायद इसी को कहते हैं। एक माँ ने अपने प्रेमी के साथ शादी में रोड़ा बन रहे खुद ही के बच्चों की इतनी बेरहमी से आखिर कैसे हत्या कर शव नदी में फेंक दिए।

उत्तर प्रदेश के मेरठ में बुधवार की रात लापता हुए मासूम सगे भाई-बहनों के मामले का जब पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया तो हर कोई हैरान था। दोनों बच्चों की मां ने ही प्रेमी के साथ मिलकर बेटा-बेटी की हत्या की थी। यही नहीं, दोनों ने पहले बच्चों के हाथ-पैर बांधकर बेड के बॉक्स में बंद किया फिर बाहर निकाल कर नशे का इंजेक्शन लगा दिया और फिर गला दबाकर मार डाला। पुलिस ने बच्चों की मां व उसके प्रेमी सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पूर्व पार्षद के साथ था हत्यारिन माँ का अफेयर
दरअसल, यह सनसनीखेज और ममता को शर्मसार कर देने वाला मामला यूपी के मेरठ में देहली गेट थाना क्षेत्र का है। आरोपी महिला निशा खैरनगर गूलर गली की रहने वाली है। उसका पति शाहिद बेग लालकुर्ती पैठ में जूते की दुकान में काम करता है। इस दौरान मां निशा का पूर्व पार्षद सऊद से पिछले करीब 4 सालों से अफेयर हो गया था।
पैसे वाला था पूर्व पार्षद
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी माँ ने खुद बताया कि चार साल पहले हम दोनों की मुलाकात हुई। पूर्व पार्षद सऊद अपनी पत्नी को छोड़ चुका था। मां, बाप का इकलौता बेटा है। उसके पिता कोर्ट में पेशकार थे। उसके पास काफी दौलत थी। मुझे दौलत चाहिए थी और सऊद को प्यार। इसके बाद हम दोनों एक दूसरे के धीरे-धीरे नजदीक आ गए।
शादी में रोड़ा बन रहे थे बच्चे
पति जूता फैक्ट्री और बच्चों के स्कूल जाने के बाद सऊद घर पर आता था। निशा ने बताया कि कुछ दिनों बाद हम लोगों ने शादी करने का मन बना लिया। लेकिन दोनों बच्चे हम दोनों की शादी में आड़े आ रहे थे। इसलिए हम दोनों ने मिलकर बच्चों की हत्या कर दी।

ममता हुई शर्मसार, माँ ने उतारा बच्चों को मौत के घाट
इन दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर जिस निर्ममता से बच्चों की हत्या की है, वो वाकई चौंका देने वाला है। दोनों ने पहले बच्चों के हाथ-पैर बांधकर बेड के बॉक्स में बंद कर दिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें बाहर निकाला और नशे का इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद गला दबाकर मार डाला। फिर प्रेमी ने शव को कार की डिग्गी में रखकर 25 किलोमीटर दूर ले जाकर गंगनहर में फेंक दिया। मोहल्ले के दो लड़के इसमें शामिल थे। दोनों सऊद से पैसे लेते थे। इसके बाद मां ने बच्चों के लापता होने की झूठी कहानी रची।
मगरमच्छ के आंसू!
पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारी माँ ने अपने पति के साथ जाकर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। इस दौरान पत्नी अपने बयान को बार-बार बदल रही थी। इस पर पुलिस को उस पर शक हुआ। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की, तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। जिसके बाद महिला को उसके प्रेमी संग गिरफ्तार कर लिया गया।

ये है पूरा घटनाक्रम
निशा बुधवार शाम घर पर अकेली थी। उसने ट्यूशन टीचर सलमान को घर आने से मना कर दिया था। बेटा मेराब (10) सेंट जोंस स्कूल में थर्ड क्लास और बेटी कोनेन (6) क्लास सेकेंड में पढ़ती थी। निशा ने बुधवार शाम को पति को फोन पर बताया कि मैं घर के अंदर काम कर रही थी, तभी दोनों बच्चे अचानक घर से लापता हो गए। सूचना पर पति शाहिद तत्काल मौके पर पहुंचा। फिर काफी देर तक बच्चों की तलाश की। इसके बाद शाहिद पत्नी निशा के साथ देहली गेट थाना पहुंचा। वहां बच्चों की मिसिंग कंप्लेन दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस की 10 टीमें बच्चों की तलाश में लग गई।

पुलिस ने मारा अँधेरे में तीर
पुलिस ने इलाके के CCTV भी खंगाले और पति-पत्नी से पूछताछ की। पूछताछ में किसी रिश्तेदार से संपत्ति विवाद की बात सामने आ रही थी। लेकिन पुलिस का शक मां की तरफ जा रहा था। क्योंकि जब बच्चे गायब हुए तब वह घर में अकेली थी। इतना ही नहीं, उसने ही पति शाहिद को काफी देर बाद बच्चों को लापता होने की जानकारी दी थी।
जिसके बाद पुलिस ने माता-पिता सहित रिश्तेदारों के मोबाइल डिटेल और कॉल डिटेल चेक किये। इस दौरान मां निशा के फोन में इलाके के पूर्व पार्षद सऊद का नंबर मिला। उससे निशा ने घटना वाले दिन कई बार बात की थी। अफेयर के शक में पुलिस ने मां को थाने बुलवाया और पूछताछ शुरू की।

Recommended Video

तीर लगा सही निशाने पर, सलाखों के पीछे हत्यारिन माँ
पुलिस ने कहा कि CCTV से सारी कहानी खुल जाएगी। इसलिए सच बताओ। तब मां निशा ने डर के कारण खुद ही सच उगल दिया। उसने दोनों बच्चों की हत्या की बात कबूल ली। इसके बाद पुलिस ने सऊद फैजी को भी उठाकर थाने ले आकर पूछताछ की। उसने भी बच्चों की हत्या की बात कबूल ली।
सीओ अमित राय के अनुसार पुलिस की पूछताछ में निशा और सऊद ने बताया कि दोनों ने मिलकर बच्चों की हत्या की है। इसके बाद कार से शव को रखकर गंगनहर झील में फेंक दिया। उनकी निशानदेही पर गंग नहर में शव की तलाश की गई। खबर लिखे जाने तक लड़के का शव पुलिस ने बरामद कर लिया था। वहीं बेटी के शव की तलाश की जा रही है। पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिला है। जिसमें दोनों बच्चे दिखाई दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications