Meerut husband wife: पहले बेहोश किया, फिर घोंटा गला, बाद में सांप से डसवाया, कैसे बनाई प्लान, कहां से लाई सांप
Meerut husband wife News: मेरठ में एक के बाद एक सामने आ रही खौफनाक हत्याओं ने हर किसी को सन्न कर दिया है। पहले सौरभ की हत्या की कहानी ने सबको दहला दिया और अब अमित की हत्या का राज सामने आया है। इन दोनों मामलों में हैरान कर देने वाली बात ये है कि दोनों की हत्या में उनकी पत्नियां ही आरोपी निकलीं।
जहां सौरभ की पत्नी मुस्कान ने शव के टुकड़े कर सीमेंट में बंद किया था, वहीं अमित की हत्या उससे भी ज्यादा फिल्मी तरीके से की गई। इस बार पत्नी रविता ने सांप का इस्तेमाल कर पति को मौत के घाट उतारा। दोनों मामलों में पत्नियों ने अपने प्रेमियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

रविता ने पहले पति अमित को बेहोश किया और फिर उसका मुंह दबाया ताकि चीख बाहर न जा सके। इसी दौरान प्रेमी अमरदीप ने गला घोंट दिया। इसके बाद अमित के बिस्तर पर एक जहरीला सांप रखकर उसे कंबल से ढंक दिया गया।
पोस्टमार्टम नहीं होता, तो छुप जाती साजिश
रविता ने यह सोचा था कि अगर सांप के काटने से मौत दिखाई देगी तो किसी को शक नहीं होगा। सुबह जब लोग कमरे में पहुंचे तो देखा कि अमित की लाश के पास ही सांप बैठा था। अगर परिवार वाले पोस्टमार्टम न करवाते तो यह कत्ल कभी उजागर न हो पाता।
जब परिजनों ने पोस्टमार्टम की बात कही तो रविता ने खूब हंगामा किया। वह जोर-जोर से रोने लगी और कहने लगी कि वह किसी हाल में पति का पोस्टमार्टम नहीं होने देगी। मगर परिजनों ने चुपचाप शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और वहीं से सच्चाई सामने आई।
पुरानी फिल्मों से आया आइडिया
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। सीओ मवाना अभिषेक पटेल ने बताया कि रविता को पुरानी फिल्में देखने और रील बनाने का शौक है। फिल्मों से ही उसे यह आइडिया आया कि किसी की हत्या सांप से करवाना आसान और शक से परे हो सकता है।
रविता ने पुलिस को बताया कि उसके इलाके में अक्सर सांप निकलते रहते हैं और कुछ मामलों में लोगों को उन्होंने काटा भी है। यही सोचकर उसने इस खौफनाक प्लान को अंजाम देने का फैसला किया।
ऐसे लाई गई मौत की 'कड़ी'
रविता के प्रेमी अमरदीप ने इस साजिश में एक और नाम को जोड़ा - प्रीतमनाथ। प्रीतमनाथ ने गांव के एक सपेरे कृष्णनाथ से संपर्क किया, जो सांप पकड़ता था। कृष्णनाथ ने एक ज़हरीला सांप दिया जिसे थैले में डालकर बहसूमा लाया गया।
यह सांप अमरदीप को दिया गया और उसने उसे ठीक उसी जगह रखा जहां अमित को सुलाया गया था। बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि मृत अवस्था में भी अमित को सांप ने करीब 10 बार काटा।
इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। कोई यकीन नहीं कर पा रहा कि इतनी सोची-समझी प्लानिंग किसी आम महिला ने कर डाली। पुलिस ने सपेरे कृष्णनाथ और मध्यस्थ प्रीतमनाथ को हिरासत में ले लिया है।












Click it and Unblock the Notifications