Government Schemes: मेरठ-सहारनपुर में 1,070 युवाओं को मिला रोजगार का अवसर, सीएम योगी ने दी सौगात
Government Schemes: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि अगर सरकार युवाओं के साथ खड़ी हो, तो वे हर चुनौती का सामना कर सकते हैं और अपने भविष्य का रास्ता खुद बना सकते हैं। उन्होंने यह बात मेरठ और सहारनपुर मंडल के 1,070 युवाओं को 48 करोड़ रुपये के ऋण वितरण के दौरान आयोजित कार्यक्रम में कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की प्रगति में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकार ने ऐसे युवाओं के लिए विशेष योजनाएं चलाई हैं, जो नौकरी करने के बजाय अपना खुद का कारोबार शुरू करना चाहते हैं। इसके लिए पहले चरण में 5 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है।

युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत सरकार आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन महत्वाकांक्षी युवाओं को सहारा दे रही है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिलाओं के लिए इस योजना में विशेष प्रावधान किए गए हैं। इससे अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिलेगा और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
उद्योग और निवेश बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब तेजी से एक औद्योगिक राज्य बनता जा रहा है। पिछले आठ वर्षों में राज्य में निवेश बढ़ा है और रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। सीएम योगी ने बताया कि अब तक लाखों युवाओं को नौकरी और रोजगार के अवसर दिए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य राज्य को एक हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है, जिससे उत्तर प्रदेश भारत के विकास में अहम योगदान दे सके।
प्रशस्त कर सकते हैं खुद का मार्ग
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक इस योजना से लाभान्वित कई युवाओं ने अपने कारोबार शुरू कर सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार युवाओं के साथ खड़ी हो तो वे खुद का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं। मेरठ और सहारनपुर में 1,070 नए युवा उद्यमी इस योजना के माध्यम से अपने सपनों को साकार करने की ओर बढ़ चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत होने के कारण निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। यही कारण है कि राज्य में उद्योग तेजी से बढ़ रहे हैं और नई नौकरियां पैदा हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर यह विकासक्रम इसी तरह चलता रहा, तो 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा। इस कार्यक्रम में कई प्रमुख नेता, मंत्री और उद्यमी भी उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications