यूपी चुनाव: मथुरा में फिर राहुल गांधी पर बरसे राजनाथ सिंह, कहा-उनको चीन पर भरोसा
मथुरा, 05 फरवरी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में पार्टी का प्रचार करने के लिए बीजेपी के दिग्गज नेता मैदान में उतरे हुए हैं। 'मिशन यूपी 2022' के लिए बीजेपी पूरी तैयारी के साथ चुनावी प्रचार में जुटी हुई हैं। इसी के तहत शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मथुरा में चुनावी कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। वहीं समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान राजनाथ सिंह ने फिर एक बार राहुल गांधी पर उनके पाकिस्तान-चीन वाले बयान पर हमला बोला। साथ ही आरोप लगाते हुए कहा कि उनको चीनी मीडिया पर भरोसा है।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मथुरा में प्रचार किया, जहां 10 फरवरी को पहले चरण के चुनाव के लिए मतदान होगा। इस दौरान राजनाथ सिंह ने गलवान में हुए संघर्ष का मुद्दा उठाया और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोला। रक्षा मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को भारतीय सैनिकों की वीरता पर भरोसा नहीं है, जबकि चीन की मीडिया पर वो भरोसा करते हैं।
'राहुल गांधी को चीनी मीडिया पर भरोसा'
रक्षा मंत्री ने पूर्वी लद्दाख में जून 2020 की झड़प के मुद्दे पर बयान देते हुए कहा कि हमने दुनिया को संदेश दिया है कि भारत अब कमजोर राष्ट्र नहीं है। हम सीमा पार कर सकते हैं और हमला कर सकते हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कई भारतीय जवान गलवान और कुछ चीनी सैनिक शहीद हुए। उन्हें चीनी मीडिया पर भरोसा था। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने बताया कि 38 से 50 चीनी मारे गए। कांग्रेस नेता को हमारे सेना के जवानों की वीरता पर भरोसा नहीं है। सिंह ने आगे कहा कि रक्षा मंत्री के रूप में उनका दृढ़ विश्वास है कि कोई भी भारत के गौरव पर हमला नहीं कर सकता है।
योगी सरकार की सिंह ने की तारीफ
Recommended Video
वहीं उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार के बारे में बात करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सफल रहे हैं और सराहना के पात्र हैं। अपराधी भाग रहे हैं, माफियाओं की संपत्ति को तोड़ा जा रहा है। यूपी तरक्की की राह पर है। एक्सप्रेस-वे बन रहे हैं, तहसीलों और प्रखंड मुख्यालयों को जोड़ने के लिए सड़कें बन रही हैं।
समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना
बीजेपी उम्मीदवार पूरन प्रकाश के लिए प्रचार करने आए राजनाथ सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति करती है, मैं सपा को कहना चाहता हूं कि इस तरह की राजनीति से बाज आओ। मैं सपा के लोगों को कहना चाहता हूं कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं की जाती है, राजनीति समाज और देश को बनाने के लिए की जाती है।












Click it and Unblock the Notifications