UP News: मैनपुरी में भीषण सड़क हादसे में चार की मौत, दो दर्जन से अधिक घायल
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में शनिवार सुबह ट्रैक्टर-टाली को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गयी,जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये हैं। यह भोगांव की घटना है।
कन्नौज के थाना छिबरामऊ क्षेत्र में स्थित गांव कुंवरपुर निवासी वीरेंद्र सिंह की पुत्री की थाना बिछवां के गांव बेलधारा में शादी हुई है। उनकी पुत्री ने 10 दिन पहले पुत्र को जन्म दिया था। शुक्रवार को उसका नामकरण संस्कार था। वीरेंद्र सिंह अपने परिवारीजनों के साथ ट्रैक्टर ट्रॉली से गांव बेलधारा गए थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर वापस घर लौट रहे थे। भोगांव क्षेत्र में द्वारकापुर के पास ट्रैक्टर की लाइट खराब हो गई।

चालक ने ट्रैक्टर को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और लाइट की मरम्मत करने लगा। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने ट्रॉली में टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली पलट गई। ट्रॉली में बैठी फूलमती पत्नी अवधेश, रमाकांति पत्नी दफेदार, संजय देवी पत्नी राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 25 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां द्रोपदी देवी पत्नी विशुन दयाल ने भी दम तोड़ दिया। सभी मृतक और घायल गांव कुंवरपुर छिबरामऊ के निवासी हैं।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक चालक का कुछ पता नहीं चला है। सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications