Mainpuri Accident: जन्मदिन की पार्टी से लौट रहा था परिवार, ट्रक से टकराई कार, एक झटके में गई 5 जानें
Mainpuri Accident: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड हाईवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
इस दर्दनाक हादस में मरने वालों में पति-पत्नी, दो मासूम बेटियां और एक महिला शामिल हैं। सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। घटना उस समय हुई जब कार सवार परिवार आगरा से एक जन्मदिन पार्टी से लौट रहा था और छिबरामऊ की ओर जा रहा था।

रास्ते में नगला ताल गांव के पास उनकी स्विफ्ट डिजायर कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतकों की शिनाख्त, गांव में पसरा मातम
मृतकों की पहचान दीपक (36), उनकी पत्नी पूजा (34), बेटियां आशी (9), आर्या (4) और बड़ी बहन सुजाता (50) के रूप में हुई है। सभी मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के हरीपुर कैथोली गांव के निवासी थे। परिवार आगरा में अपने किसी रिश्तेदार की बेटी का जन्मदिन मना कर लौट रहा था।
गंभीर रूप से घायल दीपक की 11 वर्षीय बेटी आराध्या को हादसे के बाद तत्काल सीएचसी बेवर ले जाया गया। सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत को चिंताजनक बताया है।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। दुर्घटना के कारण जीटी रोड पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना देते हुए पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया।
लोगों ने यह भी बताया कि हादसे के लगभग पांच मिनट बाद उसी स्थान पर एक और दुर्घटना हुई। एक पिकअप वैन पीछे से डीसीएम वाहन में जा भिड़ी। टक्कर के कारण पिकअप चालक एहसान वाहन में फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से उसे बाहर निकाला गया। पिकअप चालक भी अस्पताल में भर्ती है।
सीएम योगी ने जताया दुख, दिए राहत के निर्देश
इस हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि घायल बच्ची को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दी जाए। पुलिस अधीक्षक मैनपुरी ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में गाड़ी के तेज गति और नियंत्रण खोने की बात सामने आई है।












Click it and Unblock the Notifications