सपा के गढ़ मैनपुरी में क्या है मुलायम सिंह यादव का हाल, जानें क्या कह रहे रुझान
Mainpuri news, मैनपुरी। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए वोटों की गिनती जारी है। उत्तर प्रदेश की वीआईवी सीटों में से एक मैनपुरी सीट पर मुलायम सिंह यादव बीजेपी उम्मीदवार प्रेम सिंह शाक्य से 13130 वोटों से आगे चल रहे हैं। बता दें कि मैनपुरी लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में 23 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। इस बार चुनाव में सपा-बसपा का गठबंधन हुआ है। मैनपुरी में मायावती खुद मुलायम के लिए वोट मांगने पहुंची थीं।
सपा का गढ़ है मैनपुरी
बता दें, मैनपुरी लोकसभा सीट को समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में यहां से समाजवादी पार्टी के तत्कालीन मुखिया मुलायम सिंह यादव चुनाव जीते थे, लेकिन उन्होंने इस सीट को छोड़ दिया था क्योंकि वो आजमगढ़ लोकसभा सीट से भी जीते थे। इसके बाद उनके पोते तेज प्रताप यादव ने उपचुनाव में बड़े अंतर से इस सीट पर जीत दर्ज की थी।
क्या है चुनावी समीकरण
2014 के आंकड़ों के अनुसार मैनपुरी लोकसभा में करीब 16 लाख से अधिक वोटर हैं। जातीय समीकरण को देखें तो इस सीट पर यादव वोटरों का वर्चस्व है। 35 फीसदी मतदाता यादव समुदाय से हैं। 2.5 लाख वोटर शाक्य हैं।
आजमगढ़ में अखिलेश आगे
आजमगढ़ संसदीय सीट पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव करीब 59 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। चुनाव आयोग के मौजूदा रुझानों के मुताबिक यादव 58,861 वोटों से आगे है।वहीं, दूसरे नंबर पर भोजपुरी स्टार और भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ हैं। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में इस सीट से अखिलेश यादव के पिता और सपा नेता मुलायम सिंह यादव जीते थे। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार को कुल 63,204 वोटों से हराया था।