मैनपुरी: दलित परिवार पर दबंगों का हमला, लाठी-डंडे टूट गए तो राइफल की बट से पीटकर किया मरणासन्न
मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी मे दबंगों ने दलित को पीटते-पीटते मरणासन्न कर दिया। पीड़ित परिवार के मुताबिक, उनके खेत पर कब्जा करने की नीयत से दबंग ट्रैक्टर लेकर आए और वहां जुताई करने लगे। जब दलित परिवार ने इसका विरोध किया तो गाली गलौज करते हुए दबंगों ने उनको जमकर पीटा। इस हमले में पीड़ित परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस को दबंग धक्का देकर भाग गए। घायलों का इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है।

दलित परिवार पर टूट पड़े दबंग
यह मामला मैनपुरी जनपद के कुरावली थाना क्षेत्र के राजलपुर गांव का है। राजलपुर में दलित राम शंकर जाटव अपने खेत में परिवार के साथ काम कर रहे थे। तभी सनई गांव के रहने वाले रतवेश टीटू, अनुज, अंकित भदौरिया समेत अन्य दबंग ट्रैक्टर से आए और खेत की जुताई करने लगे। दलित परिवार ने इसका विरोध किया तो ट्रैक्टर में छुपाकर लाए गए लाठी-डंडे लेकर दबंग उन पर टूट पड़े। जब लाठी-डंडे टूट गए तो दलितों को राइफल की बट से पीटा गया।

पुलिस को धक्का देकर भागे दबंग
दबंगों ने दलित परिवार के सदस्यों को मारते-मारते मरणासन्न कर दिया। हमले की सूचना पर पहुंची पुलिस को दबंग धक्का देकर भाग निकले। पुलिस ने घायलों को कुरावली स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार के लिए भर्ती कराया है। गंभीर रूप से घायल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

पीड़ित परिवार का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब वह इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने गए तो पुलिस ने उनकी नहीं सुनी और सिर्फ तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके बाद पीड़ित ने एसपी मैनपुरी को प्रार्थना पत्र देते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस बारे में आलाधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई तो वह बचते नजर आए।












Click it and Unblock the Notifications