महोबा: PM आवास योजना के नाम पर लेखाकार ने मांगी रिश्वत, महिला ने चप्पलों से पीटा
महोबा: PM आवास योजना के नाम पर लेखाकार ने मांगी रिश्वत, महिला ने चप्पलों से पीटा
महोबा, 05 अगस्त: खबर उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से है। यहां एक वरिष्ठ लेखाकार को प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर महिला से पांच हजार रुपए की रिश्वत मांगना महंगा पड़ गया। दरअसल, आवास के नाम पर पांच हजार रुपए की रिश्वत मांगने पर महिला ने वरिष्ठ लेखाकार की चप्पलों से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, ऑफिस के अंदर ही महिला और उसके पति ने लेखाकार को जमकर पीटा है। वहीं, किसी ने मारपीट का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

ये मामला पनवाड़ी विकासखंड परिसर का है। यहां गोरेलाल पनवाड़ी ब्लॉक कार्यालय में वरिष्ठ लेखाकार के पद पर तैनात है। वो बुधवार की शाम कार्यालय में बैठकर सरकारी कार्य निपटा रहे थे। तभी वहां हैवतपुरा खंगारन निवासी क्रांति अपने पति हरस्वरूप व राजू तिवारी के साथ कार्यालय पहुंच गई और वरिष्ठ लेखाकर गोरेलाल चप्पल से पिटाई शुरू कर दी। क्रांति देवी का आरोप है कि लेखाकर गोरेलाल प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त देने के नाम पर लगातार पैसों की मांग कर रहे थे।
क्रांति देवी ने बताया कि आवास के नाम पर 5 हजार रुपए फाइल पास कराने के नाम पर ले चुका है और आज फिर से यह पांच हजार की मांग कर रहा था। इतना ही नहीं, आरोप लगाते हुए कहा कि वो मुझ से अश्लीलता भरी बातें कर रहा था। इस बात से नाराज होकर मैंने भ्रष्ट अधिकारी को सबक सिखाते हुए चप्पलों से पिटाई कर दी है। हालांकि, लेखाकर अपनी जान बचाकर मौके से भाग गया और थाने पहुंच गया। हालांकि, इस दौरान किसी ने मारपीट का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वहीं, लेखाकार गोरेलाल ने बताया कि क्रांति देवी ने आवास की रकम खाते में न आने की बात कही। उन्होंने शाम तक खाते में पैसा पहुंचने की बात कही तो महिला ने चप्पल से पिटाई शुरू कर दी। अब इस मामले में लेखाकार गोरेलाल ने पुलिस थाने में तहरीर दी है। लेखाकार तहरीर पर पुलिस ने महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, लिपिक से मारपीट किए जाने पर प्रधान संगठन, ग्राम पंचायत व ग्राम विकास अधिकारी संगठन के पदाधिकारी ब्लॉक पहुंच गए और कार्यालय में तालाबंदी करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर गुरुवार से हड़ताल की चेतावनी दी।












Click it and Unblock the Notifications