New York में ममदानी की जीत से भारत में गरमाई राजनीति, BJP के 'नो खान' बयान पर शिवसेना UBT ने साधा निशाना
Maharashtra Politics News: मुंबई की सियासत में इस वक्त जुबानी जंग चरम पर है। मामला तब भड़क उठा जब मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित सतम ने न्यूयॉर्क के नए मुस्लिम मूल के मेयर ज़ोहरन ममदानी की जीत पर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा - "मुंबई पर कोई 'खान' थोपा नहीं जाएगा।"
सतम का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मच गई।वहीं, शिवसेना (UBT) ने सतम पर करारा पलटवार किया है। पार्टी प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि सतम का यह बयान उनके "मानसिक असंतुलन" का नतीजा है।" बीजेपी और उद्धव सेना के बीच यह जुबानी भिड़ंत अब मुंबई नगर निकाय चुनाव से पहले सियासी रंग पकड़ चुकी है।

क्या है पूरा विवाद?
विवाद की शुरुआत तब हुई जब ज़ोहरन ममदानी की न्यूयॉर्क में ऐतिहासिक जीत के बाद अमित सतम ने एक्स पर पोस्ट किया "कुछ अंतरराष्ट्रीय शहरों में राजनीतिक रंग तेजी से बदल रहा है। कुछ मेयरों के सरनेम देखकर और महा विकास आघाड़ी की 'वोट जिहाद' राजनीति को देखकर अब सतर्क रहना जरूरी हो गया है। अगर कोई 'खान' मुंबई पर थोपा गया, तो यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जागो, मुंबईकरों!"
इस बयान को उद्धव सेना ने "सांप्रदायिक और विभाजनकारी" बताया। पार्टी ने कहा कि बीजेपी नेताओं की ऐसी भाषा मुंबई की गंगा-जमुनी तहज़ीब के खिलाफ है।
शिवसेना (UBT) का पलटवार
शिवसेना (UBT) के नेता आनंद दुबे ने बीजेपी नेता पर निशाना साधते हुए कहा,"अमित सतम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। जबसे वे मुंबई बीजेपी के अध्यक्ष बने हैं, उन्हें एहसास हो गया है कि पार्टी का सफाया होने वाला है। यही वजह है कि वे लगातार अजीबोगरीब बयान दे रहे हैं।"
दुबे ने आगे कहा कि "अगर जरूरत पड़ी, तो उद्धव सेना उनके इलाज का खर्च भी उठाएगी - वो भी आगरा के पागलखाने में। उन्होंने बीजेपी पर हर मुद्दे को "हिंदू-मुस्लिम" रंग देने का आरोप लगाया और कहा कि बीजेपी अब मुद्दों से भटक चुकी है और केवल समाज को बांटने की राजनीति कर रही है।
हालांकि आनंद दुबे ने यह भी स्पष्ट किया कि मुंबई की पहचान मराठी संस्कृति से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि मुंबई में भगवा झंडा लहराएगा और एक मराठी हिंदू ही यहां का मेयर बनेगा। हमें किसी से डर नहीं है। शिवसेना की विरासत मराठी अस्मिता की रक्षा करना है।
ज़ोहरन ममदानी की ऐतिहासिक जीत
भारतीय मूल के मुस्लिम नेता ज़ोहरन ममदानी ने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुनाव में बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने लगभग 50% वोट पाकर डोनाल्ड ट्रंप समर्थित एंड्रयू कुओमो और रिपब्लिकन उम्मीदवार कर्टिस स्लिवा को मात दी। यह जीत भारतीय समुदाय के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है, क्योंकि पहली बार किसी भारतीय मुस्लिम नेता ने न्यूयॉर्क जैसे वैश्विक शहर का मेयर बनने का गौरव प्राप्त किया है।
महाराष्ट्र में जल्द होंगे स्थानीय निकाय चुनाव
इसी बीच महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने घोषणा की है कि राज्य में 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों के चुनाव 2 दिसंबर 2025 को होंगे और नतीजे 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। मुंबई नगर निगम चुनाव की तारीखों को लेकर भी राजनीतिक दलों में हलचल तेज है।












Click it and Unblock the Notifications