Mugdha Deshmukh कौन थी? पुणे के बंद फ्लैट में मिली लाश, फूड डिलीवरी से खुला राज-लंदन से जुड़े तार
Mugdha Deshmukh Case: महाराष्ट्र के पुणे से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लंदन में MBA करने गई 34 साल की मुग्धा देशमुख अचानक भारत लौटीं, परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी और फिर पुणे के एक बंद फ्लैट में उनकी लाश मिली। बेटी के विदेश में होने की सोच रहे परिवार को बैंक स्टेटमेंट में फूड डिलीवरी ट्रांजैक्शन से भारत में होने का सुराग मिला।
आखिर मुग्धा ने लंदन से लौटने की बात क्यों छिपाई? वह पुणे में अकेले क्या कर रही थीं और उनकी मौत कैसे हुई? अब इन सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी है। पुलिस मोबाइल रिकॉर्ड खंगाल रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। आइए विस्तार से जानते हैं...

कौन थीं मुग्धा देशमुख, जिनकी मौत की जांच कर रही पुलिस?
मुग्धा देशमुख 34 साल की थीं और महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर की रहने वाली थीं। उनके पिता अविनाश देशमुख रिटायर्ड सिविक इंजीनियर हैं। परिवार के मुताबिक, मुग्धा जुलाई 2025 में MBA की पढ़ाई के लिए ब्रिटेन गई थीं। वहां वह अकेले रहती थीं और पार्ट-टाइम काम भी करती थीं।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, मुग्धा अगस्त 2026 के आसपास ब्रिटेन से भारत लौट आई थीं। हालांकि, उन्होंने अपनी वापसी के बारे में परिवार को नहीं बताया था। भारत लौटने के बाद वह पुणे के गहुंजे इलाके में स्थित लोढ़ा बेलमोंडो रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स के एक किराए के फ्लैट में रहने लगी थीं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने विदेश से लौटने की बात अपने परिवार से क्यों छिपाई और पुणे में रहने के दौरान उनकी दिनचर्या कैसी थी?
फूड डिलीवरी ट्रांजैक्शन से कैसे मिला भारत में होने का सुराग?
मुग्धा के परिवार का उनसे फोन कॉल और मैसेज के जरिए संपर्क रहता था। लेकिन 24 अक्टूबर के आसपास परिवार उनसे संपर्क नहीं कर पाया। उनका मोबाइल फोन भी बंद हो गया था। इसके बाद परिवार ने लंदन में रहने वाले मुग्धा के एक दोस्त से संपर्क किया। दोस्त ने बताया कि उसने आखिरी बार 22 अक्टूबर को उनसे मैसेज पर बातचीत की थी। दोस्त ने ब्रिटेन की पुलिस में उनकी गुमशुदगी की सूचना भी दी। वहां से परिवार को पता चला कि मुग्धा अगस्त के आखिर में ही ब्रिटेन छोड़ चुकी थीं। इस जानकारी के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई। उनके पिता ने बैंक स्टेटमेंट की जांच की तो 8 से 25 अक्टूबर के बीच फूड डिलीवरी और ऑनलाइन सर्विस प्लेटफॉर्म पर कई ट्रांजैक्शन मिले।
रिपोर्ट के मुताबिक, एक ट्रांजैक्शन छत्रपति संभाजीनगर के उस्मानपुरा इलाके से जुड़ा था। इससे परिवार को उनके भारत में होने का शक हुआ। इसके बाद परिवार ने स्थानीय पुलिस और अन्य अधिकारियों से मदद मांगी। यानी फूड डिलीवरी और ऑनलाइन सेवाओं से जुड़े भुगतान मुग्धा की लोकेशन का सुराग तलाशने में अहम साबित हुए।
बंद फ्लैट में कैसे मिला मुग्धा का शव?
परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान उनकी लोकेशन पुणे के गहुंजे इलाके में स्थित लोढ़ा बेलमोंडो कॉम्प्लेक्स तक पहुंची। पुलिस के मुताबिक, संबंधित फ्लैट का दरवाजा बंद था। इसके बाद पुलिस ने ताला खोलने वाले की मदद से अंदर प्रवेश किया। वहां मुग्धा का शव मिला।
पड़ोसियों के अनुसार, मुग्धा उस अपार्टमेंट में अकेली रहती थीं और उनका लोगों से मेलजोल बहुत कम था। सोसायटी के सुरक्षा गार्ड ने भी बताया कि उनसे मिलने के लिए बहुत कम लोग आते थे। पड़ोसियों के मुताबिक, वह कभी-कभी आसपास टहलती दिखाई देती थीं। इसके अलावा, उनके आने-जाने और सामाजिक संपर्क के बारे में ज्यादा जानकारी किसी के पास नहीं थी।
घरेलू सहायिका से आखिरी दिनों को लेकर क्या पता चला?
पुलिस की जांच में मुग्धा की घरेलू सहायिका से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। एक पड़ोसी के हवाले से आई रिपोर्ट के मुताबिक, मुग्धा ने अपनी सहायिका से 21 अक्टूबर के बाद काम पर नहीं आने के लिए कहा था। उन्होंने कथित तौर पर बताया था कि वह कहीं जाने की योजना बना रही हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मुग्धा ने सहायिका को पूरे महीने का भुगतान कर दिया था। हालांकि, वह कहां जाने वाली थीं और क्या उन्होंने वास्तव में कहीं जाने की तैयारी की थी, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस अब उनके फोन कॉल रिकॉर्ड और संपर्कों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मौत से पहले वह किन लोगों के संपर्क में थीं और उनके आखिरी दिनों में क्या हुआ था।
फ्लैट का CCTV खराब, जांच में क्या मुश्किल?
पड़ोसियों के मुताबिक, जिस हिस्से में मुग्धा का फ्लैट था, वहां का CCTV कैमरा पिछले करीब दो महीने से खराब था। अगर इसकी पुष्टि होती है, तो यह उनके आने-जाने की गतिविधियों का पता लगाने में पुलिस के लिए एक चुनौती हो सकती है। पुलिस यह भी जांच रही है कि फ्लैट में उनके रहने की व्यवस्था कब से थी। शुरुआती जानकारियों में अपार्टमेंट किराए पर लेने और वहां रहने की शुरुआत की तारीखों को लेकर अंतर सामने आया है। पुलिस इन तथ्यों की पुष्टि कर रही है।
मौत की वजह क्या है? पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के अनुसार, मुग्धा के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले थे। शिरगांव पुलिस के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक देवेंद्र चव्हाण के मुताबिक, मौत का कारण पता लगाने के लिए शरीर के अंदरूनी अंगों के नमूने सुरक्षित रखे गए हैं। अब मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है।
फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मुग्धा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, वह पुणे में अकेले क्यों रह रही थीं और उनकी मौत से पहले की गतिविधियां क्या थीं। जांच पूरी होने और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।


Click it and Unblock the Notifications
